बागेश्वर, 19 अप्रैल (वेब वार्ता)। उत्तराखंड के बागेश्वर जिले में रविवार को भूकंप के लगातार तीन झटके महसूस किए गए, जिससे लोगों में दहशत फैल गई। एक घंटे के भीतर धरती तीन बार कांपने से लोग अपने घरों से बाहर निकलकर खुले स्थानों की ओर भागते नजर आए।
National Center for Seismology के अनुसार, भूकंप का सिलसिला सुबह लगभग साढ़े दस बजे शुरू हुआ और 11:31 बजे तक जारी रहा। झटकों का केंद्र कपकोट तहसील के बदियाकोट, सोराग और बाछम क्षेत्र के आसपास दर्ज किया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सुबह 10:32 बजे पहला झटका 3.1 तीव्रता का आया। इसके बाद 10:46 बजे 2.6 तीव्रता का दूसरा झटका महसूस किया गया। तीसरा झटका 11:31 बजे आया, जिसकी तीव्रता 2.8 मापी गई। इसका केंद्र जमीन से लगभग पांच किलोमीटर की गहराई पर बदियाकोट-सोराग क्षेत्र के पास रहा।
कपकोट के दूरस्थ क्षेत्रों—बाछम, सोराग और बदियाकोट—में भूकंप का असर अधिक महसूस किया गया, जबकि जिले की अन्य तहसीलों में भी हल्के कंपन दर्ज किए गए। लगातार आए झटकों से स्थानीय लोगों में भय का माहौल बना रहा और कई लोग एहतियातन घरों से बाहर निकल आए।
हालांकि अभी तक किसी प्रकार के जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं है, लेकिन प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है। स्थानीय अधिकारियों ने लोगों से सतर्क रहने और अफवाहों से बचने की अपील की है।
विशेषज्ञों के अनुसार, पर्वतीय क्षेत्रों में हल्के झटके सामान्य माने जाते हैं, लेकिन लगातार कंपन को देखते हुए सावधानी बरतना आवश्यक है।



