लक्ष्मीकान्त पाठक
हरदोई। उत्तर प्रदेश विधान परिषद के लखनऊ खंड शिक्षक एवं लखनऊ खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों के द्विवार्षिक निर्वाचन-2026 को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और सकुशल संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। बुधवार को जिलाधिकारी राहुल पाण्डेय और पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा ने माधौगंज स्थित क्षेत्र पंचायत कार्यालय और राजकीय इंटर कॉलेज हरदोई में बनाए गए मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने मतदान केंद्रों पर मूलभूत सुविधाओं, प्रवेश एवं निकास मार्गों और सुरक्षा व्यवस्था की पड़ताल की। उन्होंने अधिकारियों को भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूरी करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि मतदान केंद्रों पर पर्याप्त संकेतक लगाए जाएं, जिससे मतदाताओं को अपने मतदेय स्थल तक पहुंचने में किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने निर्धारित मानकों के अनुरूप सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया। इसके साथ ही राजकीय इंटर कॉलेज हरदोई में बनाए गए स्ट्रांग रूम का निरीक्षण कर संबंधित व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा ने सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। प्रशासन ने निर्वाचन प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी तैयारियां निर्धारित मानकों के अनुरूप पूरी करने पर जोर दिया।
विधान परिषद चुनाव: डीएम-एसपी ने परखी मतदान केंद्रों की व्यवस्था, स्ट्रांग रूम का भी किया निरीक्षण

- Advertisement -



