गवाही के नाम पर 70 लाख ठगी का आरोप, महेंद्र चावला सहित तीन गिरफ्तार

पानीपत, 19 अप्रैल (वेब वार्ता)। हरियाणा के पानीपत जिले में गवाही के नाम पर 70 लाख रुपये ठगने का गंभीर मामला सामने आया है। पुलिस ने इस मामले में मुख्य आरोपी महेंद्र चावला, उनके भाई देवेंद्र चावला और भतीजे राम को गिरफ्तार कर लिया है। तीनों को सीआईए की टीम ने शनिवार शाम को हिरासत में लिया।

पुलिस के अनुसार, सेक्टर-12 निवासी भगत सिंह की शिकायत पर थाना चांदनीबाग में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि महेंद्र चावला ने अदालत में पक्ष में गवाही देने के नाम पर बड़ी रकम ली।

भगत सिंह ने बताया कि महेंद्र चावला और सनौली गांव के सरपंच संजय त्यागी के बीच चल रहे मामले में समझौते की बात कही गई थी। महेंद्र चावला ने भरोसा दिलाया कि यदि समझौता कराया गया तो वह अदालत में अनुकूल गवाही देंगे। इसी आधार पर 1 मार्च को 70 लाख रुपये उन्हें सौंप दिए गए, जिन्हें उनके भाई और भतीजे लेकर गए।

शिकायत के अनुसार, 2 मार्च को अदालत में पेशी के दौरान महेंद्र चावला ने अपने ही परिचितों को पहचानने से इनकार कर दिया। इसके बाद आरोप है कि उन्होंने और धन की मांग शुरू कर दी। 5 मार्च को अगली तारीख पर पेश न होने के लिए कथित रूप से झूठा चिकित्सीय प्रमाण पत्र भी प्रस्तुत किया गया और 80 लाख रुपये की अतिरिक्त मांग की गई।

बताया गया कि बाद में 18 मार्च को फिर से 80 लाख रुपये की मांग की गई और पैसे न देने पर अदालत में विपरीत गवाही देने की धमकी दी गई। इसके बाद भी महेंद्र चावला ने निर्धारित समय पर गवाही नहीं दी।

मामले की जांच सीआईए को सौंपी गई थी। जांच के बाद शनिवार को तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। डीएसपी सतीश वत्स ने बताया कि आरोपियों को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ की जाएगी, ताकि पूरे प्रकरण का खुलासा किया जा सके। पुलिस मामले के अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है और संभावित रूप से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img
- Advertisement -spot_img

Latest

- Advertisement -spot_img

More articles