हरदोई में आईजी रेंज ने की कानून-व्यवस्था की समीक्षा, आगामी त्योहारों को लेकर दिए सख्त निर्देश

लक्ष्मीकान्त पाठक।वेबवार्ता

हरदोई। पुलिस महानिरीक्षक लखनऊ परिक्षेत्र, लखनऊ श्री किरण एस ने शनिवार को जनपद हरदोई का भ्रमण कर कानून-व्यवस्था एवं पुलिस कार्यों की समीक्षा की। रिजर्व पुलिस लाइन हरदोई पहुंचने पर पुलिस अधीक्षक हरदोई श्री अशोक कुमार मीणा ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका औपचारिक स्वागत किया।
आईजी ने आगामी त्योहारों के दृष्टिगत कानून-व्यवस्था सुदृढ़ बनाए रखने, संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी, पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, लगातार पैदल गश्त और सोशल मीडिया मॉनिटरिंग के निर्देश दिए। उन्होंने अफवाहों पर प्रभावी नियंत्रण के साथ लूट, छिनैती और हत्या जैसे जघन्य अपराधों की रोकथाम, अपहृत एवं पीड़ितों की शीघ्र बरामदगी तथा पुरस्कार घोषित अपराधियों की गिरफ्तारी पर विशेष जोर दिया। आपसी सांप्रदायिक सौहार्द बनाए रखने के लिए सभी थाना प्रभारियों को स्थानीय संभ्रांत नागरिकों के साथ समन्वय स्थापित कर शांति समिति की बैठकें आयोजित करने के निर्देश दिए।
समीक्षा बैठक में लंबे समय से लंबित विवेचनाओं के समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए गए। महिला संबंधी अपराधों में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त न करने तथा तत्काल एफआईआर दर्ज कर आरोपियों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई करने को कहा गया।
आईजी ने न्यायालयों में लंबित मुकदमों की प्रभावी पैरवी पर भी जोर दिया। उन्होंने गवाहों की समय पर पेशी और मजबूत साक्ष्य प्रस्तुत कर जघन्य अपराधों में शामिल अभियुक्तों को सजा दिलाने के निर्देश दिए।
आगामी त्योहारों के मद्देनजर अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में रूट मार्च कराने, शांति समिति की बैठकें आयोजित करने और असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखने के निर्देश दिए गए, ताकि त्योहार शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हो सकें।
इसके बाद आईजी ने थाना कोतवाली देहात का निरीक्षण किया। इस दौरान अभिलेखों, मालखाना, शस्त्रागार, हवालात और मिशन शक्ति कक्ष सहित महिला हेल्प डेस्क का अवलोकन कर कार्यों की समीक्षा की। लंबित प्रकरणों के शीघ्र निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया।
अंत में उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को जनसुनवाई को प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित करने तथा जनता के साथ संवेदनशील और सकारात्मक व्यवहार बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पुलिस के प्रति आमजन का विश्वास और अधिक मजबूत होना चाहिए।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img
- Advertisement -spot_img

Latest

- Advertisement -spot_img
- Advertisement -

More articles

- Advertisement -
- Advertisement -