लक्ष्मीकान्त पाठक। वेबवार्ता
हरदोई। शिक्षक दिवस के अवसर पर स्वामी विवेकानंद सभागार, कलेक्ट्रेट हरदोई में भव्य शिक्षक सम्मान समारोह आयोजित किया गया। समारोह में प्राथमिक एवं माध्यमिक विद्यालयों के शिक्षकों के साथ सेवानिवृत्त शिक्षकों तथा शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट एवं विशिष्ट कार्य करने वाले शिक्षक-शिक्षिकाओं को सम्मानित किया गया।मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती प्रेमावती वर्मा ने कहा कि शिक्षक समाज और राष्ट्र निर्माण की आधारशिला हैं। शिक्षक बच्चों को केवल विषय का ज्ञान ही नहीं देते, बल्कि उनके व्यक्तित्व, संस्कार और भविष्य को भी आकार देते हैं। उन्होंने सभी सम्मानित शिक्षकों को शुभकामनाएं दीं।
भाजपा जिलाध्यक्ष अजीत सिंह ‘बब्बन’ ने गुरु-शिष्य परंपरा का उल्लेख करते हुए कहा कि शिक्षकों के प्रति सम्मान सदैव सर्वोच्च रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि आधुनिक दौर में शिक्षक नवाचार, तकनीक और आईसीटी के माध्यम से शिक्षा को और प्रभावी बना रहे हैं।समारोह में नगर पालिका परिषद अध्यक्ष सुखसागर मिश्र, मुख्य विकास अधिकारी नेहा ब्याडवाल, सिटी मजिस्ट्रेट संजय कुमार, डायट प्राचार्य रमेंद्र कुमार सिंह, जिला विद्यालय निरीक्षक डा. अरविन्द कुमार पाठक तथा जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी प्रभात मिश्र सहित अधिकारी मौजूद रहे।
राज्य अध्यापक पुरस्कार प्राप्त शिक्षकों गजेन्द्र प्रताप सिंह, लाल बहादुर गौतम, मंजू वर्मा, राजीव कुमार सिंह और होरीलाल राजपूत को भी सम्मानित किया गया। इसके अलावा कला-क्राफ्ट-पपेट्री, आईसीटी, नवाचार एवं बेस्ट प्रैक्टिसेज, योग, खेलकूद, पीटी, स्पेशल एजुकेटर तथा केजीबीवी सहित विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षकों को सम्मान मिला।
जनपद के सभी 20 विकासखंडों से उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षक-शिक्षिकाओं को भी सम्मानित किया गया। इनमें कछौना से योगेश कुमार तिवारी प्राथमिक विद्यालय नारायणपुर देव,टोडरपुर से शिवेंद्र सिंह बघेल, बिलग्राम के प्राथमिक विद्यालय फैजुल्लापुर से सुधा बाजपेई तथा माधोगंज के उच्च प्राथमिक विद्यालय हैबतपुर से नीरज अवस्थी सहित अन्य शिक्षक शामिल रहे। सेवानिवृत्त शिक्षकों का भी उनके दीर्घ सेवाकाल और शिक्षा के प्रति समर्पण के लिए अभिनंदन किया गया।समारोह का विशेष आकर्षण गोरखपुर में मुख्यमंत्री द्वारा आयोजित शिक्षक सम्मान समारोह का सजीव प्रसारण रहा। जनपद के शिक्षक-शिक्षिकाओं को सम्मानित होते देखकर सभागार में मौजूद लोगों में खुशी और गर्व का माहौल रहा।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी प्रभात मिश्र ने कहा कि हरदोई के विद्यालय सकारात्मक बदलाव की ओर बढ़ रहे हैं। आईसीटी, नवाचार और नई शिक्षण तकनीकों के माध्यम से शिक्षक बच्चों को बेहतर शैक्षिक वातावरण उपलब्ध करा रहे हैं। उन्होंने कहा कि इन बदलावों के पीछे शिक्षकों की मेहनत और प्रतिबद्धता महत्वपूर्ण है।
कार्यक्रम के अंत में बीएसए ने सभी अतिथियों, सम्मानित शिक्षकों, सेवानिवृत्त शिक्षकों एवं अधिकारियों का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर जिला समन्वयक एमआईएस राहुल दुबे, जिला समन्वयक प्रशिक्षण दिलीप शुक्ल, एसआरजी आशीष कुमार मिश्रा एवं एसआरजी शशांक मिश्रा ने कार्यक्रम के संचालन में सहयोग किया।




