लक्ष्मीकान्त पाठक।वेबवार्ता
हरदोई। जनपद के वरिष्ठ पत्रकार एवं सामाजिक कार्यकर्ता आशीष सिंह राजा को महाराणा प्रताप सेना में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है। संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं संस्थापक डॉ. राजवर्धन सिंह परमार ने उन्हें महाराणा प्रताप सेना का राष्ट्रीय सचिव नियुक्त किया है। उनकी नियुक्ति तत्काल प्रभाव से लागू की गई है।
राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. राजवर्धन सिंह परमार ने कहा कि आशीष सिंह राजा की संगठन के प्रति निष्ठा, राष्ट्रसेवा की भावना और कुशल नेतृत्व क्षमता को देखते हुए केंद्रीय नेतृत्व ने उन्हें राष्ट्रीय सचिव जैसे महत्वपूर्ण पद की जिम्मेदारी सौंपी है।
राष्ट्रीय सचिव के रूप में आशीष सिंह राजा संगठन को राष्ट्रीय स्तर पर मजबूत और सुदृढ़ बनाने में अहम भूमिका निभाएंगे। वह संगठन की नीति एवं रीति का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के साथ ही राष्ट्रप्रेमी युवाओं को संगठन से जोड़ने तथा संगठनात्मक गतिविधियों को गति देने का कार्य करेंगे।
नियुक्ति के बाद आशीष सिंह राजा ने राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. राजवर्धन सिंह परमार एवं केंद्रीय नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें सौंपी गई जिम्मेदारी का वह पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ निर्वहन करेंगे। उन्होंने कहा कि महाराणा प्रताप सेना के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने और संगठन को राष्ट्रीय स्तर पर और अधिक मजबूत बनाने के लिए निरंतर कार्य किया जाएगा।
उनकी नियुक्ति पर समर्थकों, पत्रकार साथियों एवं संगठन के पदाधिकारियों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए बधाई दी और उनके उज्ज्वल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं।




