राज्यउत्तर प्रदेशहरदोई के परेली में बदहाली की कीचड़ में...

हरदोई के परेली में बदहाली की कीचड़ में धंसे विकास के दावे, सोशल मीडिया पर गूंजी पुकार—‘सुन लो मेरी सरकार’

लक्ष्मीकान्त पाठक

हरदोई( वेबवार्ता) विकास की इबारत लिखने के दावे जब गांव की पगडंडियों और गलियों तक पहुंचते-पहुंचते दम तोड़ दें, तो हकीकत खुद-ब-खुद सवाल बनकर खड़ी हो जाती है। शाहाबाद विकासखंड के ग्राम परेली में बदहाली की ऐसी ही तस्वीर सामने आई है, जहां गांव के मुख्य मार्ग पर टूटी नाली और जलभराव ने ग्रामीणों की राह मुश्किल कर दी है। सड़क पर पसरी कीचड़ मानो व्यवस्था की उदासीनता की कहानी कह रही है, लेकिन जिम्मेदारों के कानों तक ग्रामीणों की पीड़ा की आवाज अब तक नहीं पहुंच सकी है।पाली-शाहाबाद मार्ग पर बसे परेली गांव के भीतर जाने वाले प्रमुख रास्ते के किनारे बनी नाली क्षतिग्रस्त है। नाली टूटने से पानी की निकासी बाधित हो गई है और सड़क पर कीचड़ तथा जलभराव का साम्राज्य कायम है। इसी रास्ते से गुजरते हुए ग्रामीणों को रोजाना दुश्वारियों से दो-चार होना पड़ता है। राहगीरों के लिए यह मार्ग सहूलियत का रास्ता नहीं, बल्कि परेशानी की परीक्षा बन गया है।हैरत की बात यह है कि इसी रास्ते से बड़े-बड़े जनप्रतिनिधि और कभी-कभार शासन-प्रशासन के जिम्मेदार भी गुजरते हैं। मगर ग्रामीणों की आंखों में चुभती यह बदहाली किसी की नजर में ठहर नहीं पाती। गांव की चौखट तक पहुंचने वाले रास्ते पर विकास की रोशनी आखिर क्यों नहीं पहुंच सकी, यह सवाल अब ग्रामीणों की जुबान पर है।इस पीड़ा को आवाज दी है ग्राम परेली निवासी सीआरपीएफ के सेवानिवृत्त जवान अनिल अवस्थी ने। उन्होंने गांव की दुर्दशा का वीडियो सोशल मीडिया पर साझा करते हुए शासन-प्रशासन से समस्या के समाधान की गुहार लगाई है। उनकी अपील में किसी व्यक्तिगत स्वार्थ की झलक नहीं, बल्कि अपने गांव को बदहाली से मुक्त देखने की सामूहिक आकांक्षा दिखाई देती है।अनिल अवस्थी ने लोगों से वीडियो को अधिक से अधिक साझा करने का आग्रह किया है, ताकि ग्रामीणों की आवाज उन जिम्मेदार अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों तक पहुंचे, जिनके हाथों में समस्या के समाधान की जिम्मेदारी है। उनका कहना है कि यह किसी एक व्यक्ति की पीड़ा नहीं, बल्कि पूरे गांव की परेशानी है। उद्देश्य किसी को कठघरे में खड़ा करना नहीं, बल्कि व्यवस्था का ध्यान उस समस्या की ओर खींचना है, जो लंबे समय से ग्रामीणों के दैनिक जीवन को प्रभावित कर रही है।अब सवाल यह है कि क्या परेली की यह पुकार जिम्मेदारों के दरवाजे तक पहुंचेगी? क्या टूटी नाली की मरम्मत और जलनिकासी की समुचित व्यवस्था के लिए किसी और गुहार का इंतजार होगा? गांव के लोग किसी बड़ी सौगात की मांग नहीं कर रहे, वे तो केवल इतना चाहते हैं कि उनके घर तक पहुंचने वाला रास्ता चलने लायक हो जाए।सोशल मीडिया पर उठी यह आवाज -‘सुन लो मेरी सरकार, हमारी भी सुध ले लो।’ अब उन जिम्मेदार कानो तक पहुँच पाती है या यह आवाज केवल सोशल मीडिया तक ही सीमित रह जाती है। देखना दिलचस्प होगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img
- Advertisement -spot_img

Latest

- Advertisement -spot_img
- Advertisement -

More articles

- Advertisement -
- Advertisement -