छत्तीसगढ़ में भीषण गर्मी का कहर, दिन के साथ रातें भी तपिश से बेहाल

रायपुर, 19 अप्रैल (वेब वार्ता)। छत्तीसगढ़ के मध्य हिस्सों में गर्मी ने विकराल रूप धारण कर लिया है। दिन के साथ-साथ रातें भी अत्यधिक गर्म बनी हुई हैं, जिससे लोगों को किसी भी समय राहत नहीं मिल पा रही है। शहरी क्षेत्रों में न्यूनतम तापमान सामान्य से लगभग 5 डिग्री अधिक दर्ज किया जा रहा है।

मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश के मध्य भागों में तापमान लगातार बढ़ रहा है और फिलहाल इसमें कमी के कोई स्पष्ट संकेत नहीं हैं। रविवार को प्रदेश में शुष्क मौसम रहने की संभावना जताई गई है, वहीं कुछ स्थानों पर लू चलने के भी आसार हैं।

हालांकि मौसम विभाग ने अगले दो दिनों के बाद कुछ क्षेत्रों में हल्की राहत की उम्मीद जताई है। अनुमान है कि कुछ इलाकों में हल्की बारिश, गरज-चमक और तेज हवाएं चल सकती हैं, जिससे तापमान में आंशिक गिरावट संभव है।

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, विभिन्न द्रोणिकाओं और चक्रवाती परिसंचरण के सक्रिय होने के कारण प्रदेश में गर्म और शुष्क हवाएं चल रही हैं। इसके चलते तापमान में ज्यादा बदलाव की संभावना नहीं है और लू जैसी स्थिति बनी रह सकती है। हालांकि बस्तर क्षेत्र में तापमान में हल्की गिरावट देखने को मिल सकती है।

राजधानी रायपुर में रविवार को अधिकतम तापमान करीब 44 डिग्री और न्यूनतम 29 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। दिन और रात दोनों समय गर्मी का प्रभाव स्पष्ट रूप से महसूस किया जाएगा।

शनिवार को राजनांदगांव प्रदेश का सबसे गर्म स्थान रहा, जहां अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं रायपुर और दुर्ग में भी तापमान 43 डिग्री तक पहुंच गया, जिससे जनजीवन प्रभावित हो रहा है। अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 20.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

लगातार बढ़ती गर्मी और लू के खतरे को देखते हुए प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग ने लोगों को दोपहर के समय बाहर निकलने से बचने, पर्याप्त पानी पीने और सावधानी बरतने की सलाह दी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img
- Advertisement -spot_img
- Advertisement -

Latest

More articles