नैनी रीवा मार्ग पर भीषण सड़क हादसा, पिता और दो बेटों की मौत

प्रयागराज, 22 मई (वेब वार्ता)। नैनी क्षेत्र में लेप्रोसी चौराहा और रेलवे डॉट पुल के बीच रीवा मार्ग पर शुक्रवार सुबह हुए भीषण सड़क हादसे में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई। तेज रफ्तार एक्सयूवी कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर पार करते हुए दूसरी पटरी पर जा रही मारुति कार से टकरा गई। दुर्घटना में पिता और उसके दो बेटों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि छह अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

पुलिस के अनुसार शांतिपुरम फाफामऊ निवासी दीपक चौरसिया अपने परिवार और रिश्तेदारों के साथ मारुति कार से मैहर स्थित माता शारदा देवी के दर्शन के लिए जा रहे थे। सुबह करीब नौ बजे नैनी पुल पार करने के बाद उनकी कार लेप्रोसी चौराहे से रीवा मार्ग की ओर बढ़ रही थी। इसी दौरान रेलवे डॉट पुल के पास दूसरी दिशा से आ रही तेज रफ्तार एक्सयूवी अचानक नियंत्रण खो बैठी और डिवाइडर पार कर मारुति कार से जा टकराई।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहनों के परखचे उड़ गए। हादसे में दीपक चौरसिया, उनके पुत्र दिव्यांशु चौरसिया और मान चौरसिया की मौके पर ही मौत हो गई। परिवार की अन्य सदस्य हर्षिता चौरसिया के अलावा दीपक चौरसिया की बहन बेबी चौरसिया और बहनोई अनिल चौरसिया गंभीर रूप से घायल हो गए।

दूसरी ओर एक्सयूवी में सवार तीन युवक भी घायल हुए हैं। पुलिस के मुताबिक वाहन चला रहा अर्पित कुमार यादव एक निजी विश्वविद्यालय में एमसीए प्रथम वर्ष का छात्र है। उसके साथ प्रिंस और एक अन्य युवक भी वाहन में सवार थे। सभी घायलों को उपचार के लिए बेली अस्पताल भेजा गया है।

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और राहत कार्य शुरू कराया। पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। एक्सयूवी चालक को पुलिस अभिरक्षा में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और वाहन के अनियंत्रित होने को हादसे की वजह माना जा रहा है। पुलिस का कहना है कि परिजनों की तहरीर मिलने के बाद चालक के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। इस हादसे के बाद इलाके में शोक का माहौल है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img
- Advertisement -spot_img

Latest

- Advertisement -spot_img
- Advertisement -

More articles

- Advertisement -
- Advertisement -