लक्ष्मीकान्त पाठक।वेबवार्ता
हरदोई, 03 सितम्बर। विकास योजनाओं की समीक्षा बैठक में खराब प्रगति मिलने पर मुख्य विकास अधिकारी नेहा ब्याडवाल ने हरपालपुर, संडीला और भरखनी के खंड विकास अधिकारियों के खिलाफ कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को तत्काल सुधार करते हुए निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा कराने के निर्देश दिए।
विकास भवन सभागार में आयोजित बैठक में फैमिली आईडी, मनरेगा, प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री आवास योजना, एनआरएलएम समेत विभिन्न विकास कार्यक्रमों की समीक्षा की गई। मनरेगा में मानव दिवस सृजन, अपूर्ण कार्यों, जीआईएस मॉनिटरिंग और एनएमएमएस की प्रगति की जानकारी ली गई। साथ ही विभिन्न निर्माण कार्यों की स्थिति भी जानी गई।
सीडीओ ने प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के 14,871 और मुख्यमंत्री आवास योजना के 2,338 आवासों का लक्ष्य निर्धारित समय में पूरा कराने के निर्देश दिए। प्रधानमंत्री आवास के पात्र लाभार्थियों का चयन कर प्रस्ताव शीघ्र भेजने तथा मुख्यमंत्री आवास के पात्र लाभार्थियों को प्रथम किस्त जारी करने को कहा।
एनआरएलएम की समीक्षा के दौरान स्वयं सहायता समूहों को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने और उन्हें विभिन्न वित्तीय योजनाओं का लाभ दिलाने पर जोर दिया गया। सीडीओ ने कहा कि शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से पहुंचना चाहिए।




