लक्ष्मीकान्त पाठक, वेबवार्ता
हरदोई। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण नई दिल्ली एवं उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण लखनऊ के निर्देश पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण हरदोई के अध्यक्ष/जनपद न्यायाधीश रीता कौशिक तथा सिविल जज सीनियर डिवीजन/प्रभारी सचिव स्मिता गोस्वामी के निर्देशन में तहसील विधिक सेवा समिति सदर हरदोई के सचिव/तहसीलदार सचिंद्र कुमार शुक्ला के मार्गदर्शन में जिला चिकित्सालय हरदोई में विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया।
शिविर में राष्ट्रीय पोषण सप्ताह, मानसिक रोग एवं बौद्धिक अक्षमताओं से ग्रस्त व्यक्तियों के कानूनी अधिकार तथा नशीले पदार्थों के दुरुपयोग और बचाव के संबंध में लोगों को जागरूक किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता मानसिक रोग विभाग की असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. रीतु खरे ने की। उन्होंने मानसिक रोग एवं बौद्धिक अक्षमताओं से ग्रस्त व्यक्तियों के लिए जिला चिकित्सालय में उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी दी।
लीगल एड क्लीनिक कीर्ति कश्यप ने राष्ट्रीय पोषण सप्ताह के बारे में विस्तार से जानकारी देते हुए बताया कि भारत में यह सप्ताह एक से सात सितंबर तक मनाया जाता है। इसका उद्देश्य लोगों को संतुलित आहार, पोषक तत्वों के महत्व और कुपोषण से बचाव के प्रति जागरूक करना है। उन्होंने बताया कि इस अभियान की शुरुआत भारत सरकार ने वर्ष 1982 में की थी।
शिविर में मानसिक रोग एवं बौद्धिक अक्षमताओं से ग्रस्त व्यक्तियों के कानूनी अधिकारों पर भी प्रकाश डाला गया। बताया गया कि ऐसे व्यक्तियों को भी समाज में समान रूप से रहने, गरिमा के साथ जीवन जीने, बिना भेदभाव समान अवसर प्राप्त करने, उचित स्वास्थ्य सेवाएं और निःशुल्क कानूनी सहायता पाने का अधिकार है। ये अधिकार संविधान के अनुच्छेद 14, 21 एवं 39 तथा दिव्यांगजन अधिकार अधिनियम, 2016 में निहित हैं।
वहीं नशीले पदार्थों के दुरुपयोग के दुष्परिणामों के प्रति भी लोगों को सचेत किया गया। बताया गया कि शराब, तंबाकू और अन्य नशीले पदार्थों का अनुचित अथवा अत्यधिक सेवन शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य पर गंभीर प्रतिकूल प्रभाव डाल सकता है।
शिविर में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से उपलब्ध निःशुल्क विधिक सेवाओं की जानकारी दी गई। साथ ही आगामी राष्ट्रीय लोक अदालत 12 सितंबर 2026 के संबंध में पंपलेट वितरित कर लोगों को जागरूक किया गया। निःशुल्क विधिक सहायता के लिए टोल फ्री नंबर 15100 की जानकारी भी दी गई।
इस अवसर पर डॉ. वृंदा पुरुषोत्तम, अंशु सूरी, वरुण कुमार, प्रद्युम्न अस्पताल के स्टाफ सहित बड़ी संख्या में महिलाएं एवं पुरुष उपस्थित रहे।
हरदोई में राष्ट्रीय पोषण सप्ताह पर विधिक जागरूकता शिविर आयोजित

- Advertisement -



