राज्यउत्तर प्रदेशहरदोई में 98 किसानों के बीच ई-लॉटरी से...

हरदोई में 98 किसानों के बीच ई-लॉटरी से हुआ कृषि यंत्रों का चयन

वेबवार्ता। लक्ष्मीकान्त

हरदोई। कृषि यंत्रों पर अनुदान पाने की उम्मीद लगाए बैठे किसानों के लिए मंगलवार का दिन खुशियों की सौगात लेकर आया। कलेक्ट्रेट स्थित स्वामी विवेकानंद सभागार में आयोजित जिला स्तरीय ई-लॉटरी प्रक्रिया के माध्यम से विभिन्न कृषि यंत्रों के लिए लाभार्थी किसानों का चयन किया गया। जनपद में निर्धारित 28 कृषि यंत्रों के लक्ष्य के सापेक्ष 98 किसानों ने बुकिंग कराई थी। ऐसे में निर्धारित लक्ष्य से अधिक आवेदन होने के कारण पारदर्शी तरीके से ई-लॉटरी के जरिए लाभार्थियों का चयन किया गया।
उप कृषि निदेशक डॉ. राजेश कुमार ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2026-27 में कृषि विभाग की ओर से संचालित सब मिशन ऑन एग्रीकल्चरल मैकेनाइजेशन तथा प्रमोशन ऑफ एग्रीकल्चरल मैकेनाइजेशन फॉर इन-सीटू मैनेजमेंट ऑफ क्रॉप रेजिड्यू योजनाओं के तहत किसानों से कृषि यंत्रों पर अनुदान के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए थे। कृषि विभाग के पोर्टल पर 7 अक्टूबर से 27 अक्टूबर 2026 तक किसानों ने ऑनलाइन बुकिंग कराई थी।
जिलाधिकारी राहुल पाण्डेय के निर्देश पर मुख्य विकास अधिकारी नेहा ब्याडवाल की अध्यक्षता में गठित जिला स्तरीय कार्यकारी समिति ने 3 नवंबर को ई-लॉटरी प्रक्रिया संपन्न कराई। इसमें विकासखंड भरखनी के मल्टीक्रॉप थ्रेसर के लिए कृष्णप्रताप सिंह, बिलग्राम में मिलेट मिल के लिए शैलेन्द्र सिंह, माधौगंज में पैकिंग मशीन के लिए रोहित कुमार तथा शाहाबाद में सेल्फ प्रोपेल्ड राइस ट्रांसप्लांटर के लिए अमर कुमार का चयन किया गया। वहीं बावन विकासखंड में सोलर ड्रायर के लिए सरला देवी को लाभार्थी चुना गया।
इसके अलावा बेलर, स्ट्रा रीपर, सुपर सीडर, पावर टिलर, पावर वीडर और मिनी राइस मिल सहित अन्य कृषि यंत्रों के लिए भी ई-लॉटरी के माध्यम से किसानों का चयन किया गया। चयनित किसानों के पंजीकृत मोबाइल नंबरों पर एसएमएस के जरिए सूचना भेज दी गई है।
एक माह में खरीदने होंगे कृषि यंत्र
उप कृषि निदेशक ने बताया कि ई-लॉटरी में चयनित किसानों को निर्धारित एक माह के भीतर संबंधित कृषि यंत्र की खरीद करनी होगी। इसके बाद क्रय किए गए यंत्र का बिल और फोटोग्राफ विभागीय पोर्टल पर अपलोड करना अनिवार्य होगा। निर्धारित समयसीमा में प्रक्रिया पूरी नहीं करने पर संबंधित किसान का चयन स्वतः निरस्त हो जाएगा।
ई-लॉटरी के दौरान चयन का संदेश मोबाइल पर पहुंचते ही लाभार्थी किसानों के चेहरों पर खुशी दिखाई दी। इस अवसर पर जिला कृषि अधिकारी डॉ. सतीश चन्द्र पाठक, जिला उद्यान अधिकारी सुभाष चन्द्र, जिला सूचना एवं विज्ञान अधिकारी हरदेव, प्रगतिशील कृषक शारदाबक्स सिंह, अवधेश सिंह, अमर सिंह सहित अन्य किसान मौजूद रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img
- Advertisement -spot_img

Latest

- Advertisement -spot_img
- Advertisement -

More articles

- Advertisement -
- Advertisement -