सोमनाथ दर्शन के लिए आठ जून को रवाना होगी विशेष ट्रेन, श्रद्धालुओं में उत्साह

कुरुक्षेत्र, 11 मई (वेब वार्ता)। हरियाणा से श्रद्धालुओं के बड़े जत्थे को लेकर सोमनाथ दर्शन के लिए विशेष ट्रेन आठ जून को रवाना होगी। मुख्यमंत्री नायब सैनी ने सोमवार को कुरुक्षेत्र में इसकी जानकारी देते हुए कहा कि इस धार्मिक यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं में भारी उत्साह देखने को मिल रहा है।

मुख्यमंत्री नायब सैनी सोमवार को कुरुक्षेत्र पहुंचे, जहां उन्होंने सबसे पहले गीता स्थली ज्योतिसर तीर्थ में माथा टेका और तीर्थ परिसर का अवलोकन किया। इसके बाद वह पिहोवा के अरुणाय स्थित श्री संगमेश्वर महादेव मंदिर में आयोजित सोमनाथ स्वाभिमान पर्व में शामिल हुए। यहां उन्होंने कलश यात्रा को रवाना किया और पूजा-अर्चना में भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संबोधन भी लाइव प्रसारित किया गया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आज का दिन देशवासियों के लिए गौरव का अवसर है, क्योंकि सोमनाथ मंदिर के पुनर्निर्माण के 75 वर्ष पूरे हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमनाथ मंदिर के ऐतिहासिक महत्व और उसके संघर्षपूर्ण इतिहास से देश को पुनः परिचित कराया है।

नायब सैनी ने कहा कि देशभर के विभिन्न राज्यों से श्रद्धालु सोमनाथ मंदिर की यात्रा के लिए पहुंच रहे हैं। उन्होंने बताया कि आर्थिक रूप से कमजोर श्रद्धालुओं को तीर्थ यात्रा करवाने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना संचालित की जा रही है। इसी योजना के तहत हाल ही में करीब 850 श्रद्धालुओं का जत्था पांच दिवसीय धार्मिक यात्रा पूरी कर लौटा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान समय में देश विभिन्न योजनाओं और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से अपनी जड़ों से जुड़ने का कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि सोमनाथ मंदिर केवल एक धार्मिक स्थल नहीं, बल्कि भारत की गौरवशाली सांस्कृतिक और ऐतिहासिक विरासत का प्रतीक है।

उन्होंने कहा कि इतिहास गवाह है कि जब-जब सोमनाथ मंदिर पर आक्रमण हुआ, तब पूरे देश की आत्मा आहत हुई। सरदार वल्लभभाई पटेल ने सोमनाथ मंदिर के पुनर्निर्माण का संकल्प लिया था और वर्ष 1951 में देश के प्रथम राष्ट्रपति डॉ. राजेंद्र प्रसाद ने मंदिर का उद्घाटन किया था। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह केवल अतीत की स्मृति नहीं, बल्कि भविष्य के भारत के संकल्प का भी प्रतीक है।

नायब सैनी ने यह भी बताया कि स्वदेश दर्शन योजना के तहत वर्ष 2015 में कुरुक्षेत्र को श्रीकृष्ण परिपथ में शामिल किया गया था। इससे धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिला है और प्रदेश की सांस्कृतिक पहचान को नई मजबूती मिली है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img
- Advertisement -spot_img

Latest

- Advertisement -spot_img

More articles