सोनीपत (राजेश आहूजा) सोनीपत जिले में लगातार बढ़ रही आपराधिक घटनाओं और सप्ताहभर के भीतर पांच हत्याओं को लेकर प्रदेश सरकार पर कांग्रेस के जिला शहरी अध्यक्ष कमल दिवान ने तीखा हमला बोलते हुए कहा कि सोनीपत में अपराधियों के हौसले इस कदर बुलंद हो चुके हैं कि बदमाश खुलेआम वारदातों को अंजाम दे रहे हैं और आम आदमी खुद को असुरक्षित महसूस कर रहा है। जिले में एक के बाद एक हो रही हत्याएं इस बात का प्रमाण हैं कि कानून व्यवस्था पूरी तरह चरमरा चुकी है, लेकिन सरकार कुंभकर्णी नींद में सोई हुई है।
कमल दीवान ने कहा कि प्रदेश में भाजपा सरकार का जनता की सुरक्षा और जनसमस्याओं से कोई सरोकार नहीं रह गया है। सरकार केवल इवेंट सरकार बनकर रह गई है। बड़े-बड़े आयोजन, प्रचार और राजनीतिक कार्यक्रमों के माध्यम से सरकार अपनी उपलब्धियां गिनाने में लगी है, जबकि जमीनी हकीकत इससे बिल्कुल उलट है। सोनीपत जैसे महत्वपूर्ण जिले में सप्ताहभर के दौरान पांच लोगों की हत्या हो जाना बेहद गंभीर स्थिति है। सवाल यह है कि आखिर आम नागरिक अपनी सुरक्षा की उम्मीद किससे करे? अपराधियों में पुलिस और कानून का भय क्यों समाप्त होता जा रहा है?
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार को यह स्पष्ट करना चाहिए कि आखिर अपराधियों पर लगाम लगाने के लिए क्या ठोस कदम उठाए जा रहे हैं। केवल बैठकों, दावों और अपराध नियंत्रण के आंकड़ों से कानून व्यवस्था दुरुस्त नहीं होती। जब सरेआम हत्याएं हो रही हों, बदमाश बेखौफ घूम रहे हों और वारदातों के बाद लोगों में भय का माहौल बन रहा हो तो सरकार की जवाबदेही तय होनी चाहिए। पुलिस प्रशासन को राजनीतिक दबाव और औपचारिकताओं से बाहर निकलकर अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करनी चाहिए।
कांग्रेस नेता ने कहा कि सबसे दुर्भाग्यपूर्ण स्थिति यह है कि जनता ने जिन प्रतिनिधियों को अपनी आवाज उठाने और उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करवाने के लिए चुना है, वे भी जनता के मुद्दों पर चुप्पी साधे हुए हैं। जनप्रतिनिधि जनता की समस्याओं को सरकार तक पहुंचाने के बजाय अंधभक्ति में मशगूल हैं। उन्हें सत्ता की प्रशंसा और राजनीतिक गुणगान से बाहर निकलकर यह देखना चाहिए कि उनके क्षेत्र में आम आदमी किस भय और असुरक्षा के माहौल में जीने को मजबूर है। जनप्रतिनिधियों का पहला दायित्व जनता के प्रति जवाबदेही है, न कि सत्ता का बचाव करना।
कमल दीवान ने कहा कि आज व्यापारी, दुकानदार, नौकरीपेशा व्यक्ति और आम परिवार अपनी सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं। यदि अपराधी बेखौफ होकर वारदातें करते रहेंगे तो प्रदेश में निवेश, व्यापार और सामाजिक सुरक्षा का माहौल कैसे बनेगा? कानून व्यवस्था किसी भी सरकार की सबसे पहली जिम्मेदारी होती है। विकास के दावे तभी सार्थक हैं, जब नागरिक बिना किसी डर के घर से निकल सकें और सुरक्षित अपने घर लौट सकें।
उन्होंने प्रदेश सरकार और पुलिस प्रशासन से मांग की कि सोनीपत में हाल के दिनों में हुई सभी हत्याओं की निष्पक्ष और समयबद्ध जांच करवाई जाए, वारदातों में शामिल आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाए तथा जिले में सक्रिय आपराधिक गिरोहों और उनके नेटवर्क पर प्रभावी कार्रवाई की जाए। संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस गश्त बढ़ाई जाए और अपराध नियंत्रण के लिए जवाबदेही तय की जाए। उन्होंने कहा कि जनता को भाषण और आयोजनों की नहीं, बल्कि सुरक्षा और सुशासन की जरूरत है। यदि सरकार अब भी नहीं जागी तो जनता का सरकार से भरोसा उठना स्वाभाविक है। आज सोनीपत ही नहीं, पूरे प्रदेश की जनता की सुरक्षा राम भरोसे नजर आ रही है।
सप्ताहभर में पांच हत्याएं, सोनीपत में अपराधियों के हौसले बुलंद, सरकार कुंभकर्णी नींद में : कमल दिवान

- Advertisement -



