Monday, November 10, 2025
व्हाट्सएप पर हमसे जुड़ें

असम को लूट रहे हैं विश्व शर्मा, उनके भ्रष्टाचार पर संज्ञान लें मोदी: कांग्रेस

नई दिल्ली, (वेब वार्ता)। कांग्रेस ने असम के मुख्यमंत्री हेमंत विश्व शर्मा तथा उनके परिवार के लोगों पर ज़मीन, खनन, चाय बागान जैसे क्षेत्रों में भ्रष्टाचार करने का आरोप लगाते हुए कहा है कि वह अपने प्रभाव का इस्तेमाल कर अपना अलग आर्थिक साम्राज्य चला रहे हैं और उनके इस भ्रष्टाचार की जानकारी सबको है, इसलिए असम की यात्रा पर गये प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को इस संबंध में उनसे सवाल पूछने चाहिए।

असम कांग्रेस के प्रभारी महासचिव जितेंद्र सिंह, लोकसभा में पार्टी के उपनेता गौरव गोगोई, संचार विभाग के प्रमुख पवन खेड़ा, असम कांग्रेस अध्यक्ष भूपेन कुमार बोरा, राज्य विधानसभा में विपक्ष के नेता देवव्रत सैकिया, किपार्टी के लोकसभा सदस्य पक्कीबुल हुसैन तथा प्रद्युत बोरदोलोई ने सोमवार को यहां पार्टी मुख्यालय में संयुक्त संवाददाता सम्मेलन में आरोप लगाया की श्री शर्मा तथा उनके परिवार की लोग असम में हर क्षेत्र में भ्रष्टाचार कर रहे हैं और राज्य की संपदा को लूट कर अपना निजी आर्थिक साम्राज्य खड़ा कर रहे हैं इसलिए श्री मोदी को इसका संज्ञान लेना चाहिए।

कांग्रेस नेताओं ने कहा “क्या यह सवाल प्रधानमंत्री मोदी जी असम के मुख्यमंत्री विश्व शर्मा जी से पूछेंगे। आखिर श्री मोदी ने असम के मुख्यमंत्री को ऐसा कौन सा जादू का चिराग पकड़ा दिया, जो श्री विश्व शर्मा बिजनेस टायकून बन गए और असम में उन्होंने अपना पूरा साम्राज्य खड़ा कर दिया है। असम के मुख्यमंत्री के पास कई चाय बागान, न्यूज़ पोर्टल, मैकडॉनल्ड्स का बड़ा आउटलेट, इंटरनेशनल स्कूल और बहुत सारी जमीन है। माजुली, कामरूप, गुवाहाटी, नौगांव, गोलाघाट समेत ट्रायबल इलाकों में कई सारी जमीनें खरीदी गईं हैं, जहां जमीन नहीं खरीदी जा सकती। ये सब हो रहा है, तो क्या श्री मोदी की एजेंसियां जांच कर रही हैं। पूरे देश में रैट-होल माइनिंग प्रतिबंधित है, लेकिन असम में मुख्यमंत्री की नाक के नीचे रैट-होल माइनिंग हो रही है।”

उन्होंने सवाल किया कि खनन कौन कर रहा है। क्या खनन मुख्यमंत्री के सहयोगी या उनके मंत्रिमंडल के लोग कर रहे हैं। असम में भाजपा का नया नारा है- मोदी का साथ, हिमंत का विकास। प्रधानमंत्री असम जा रहे हैं लेकिन क्या उन्हें मालूम है कि उनके चहेते हिमंत विश्व शर्मा असम के अंदर क्या कर रहे हैं। क्या असम में जारी भ्रष्टाचार पर श्री मोदी कार्रवाई करेंगे। असम में चाय बागान के मालिकों को डराया-धमकाया जा रहा है और मुख्यमंत्री के सहयोगी तथा उनके परिजन चाय बागान खरीद रहे हैं। चाय बागान चला रहे बड़ी कंपनियों के मालिक असम से चले गए। श्री विश्व शर्मा चाय बागानों को खत्म कर कमर्शियलाइज करना चाहते हैं।

कांग्रेस नेताओं ने कहा “विश्व शर्मा की पत्नी एलिफेंट कॉरिडोर में वाणी ग्रीन रिजॉर्ट चला रही हैं- क्या उन्होंने वहां पर रिजॉर्ट चलाने की परमिशन ली है। क्या प्रधानमंत्री जी की इसमें सहमति है। भाजपा ने हमारे कई नेताओं को डराने की कोशिश की है लेकिन हम डरने वाले नहीं है। जो लोग सोचते हैं कि वो पुलिस और अपने तंत्र से कांग्रेस पार्टी के लोगों को डरा लेंगे तो यह उनकी गलतफहमी है। हम रोज सवाल पूछेंगे। जब तक चुनाव नहीं हो जाते, तब तक हम भाजपा को चैन से बैठने नहीं देंगे। चुनाव के बाद ये चैन से बैठ सकेंगे, क्योंकि तब ये विपक्ष में होंगे।”

Author

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img

Latest

More articles