राष्ट्रीययूपी में सपा के साथ सीट बंटवारे पर...

यूपी में सपा के साथ सीट बंटवारे पर कांग्रेस की खरगे के आवास पर बैठक, राहुल, प्रियंका समेत यूपी के नेता रहे मौजूद

नई दिल्ली, 16 नवंबर (वेब वार्ता)। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी (सपा) के साथ सीटों के बंटवारे को लेकर कांग्रेस ने सोमवार को शीर्ष और प्रदेश नेतृत्व के साथ बैठक की। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के आवास पर हुई इस बैठक में राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा सहित उत्तर प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेता शामिल हुए। बैठक में प्रदेश की राजनीतिक स्थिति, संगठन और आगामी चुनाव की तैयारियों पर चर्चा हुई।

बैठक के बाद खरगे ने कहा कि उत्तर प्रदेश की राजनीतिक स्थिति और आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर वरिष्ठ नेताओं के साथ गहन चर्चा हुई। आने वाले चुनाव देश की राजनीति को नई दिशा देंगे। प्रदेश की जनता सामाजिक न्याय, समान अवसर और वंचित वर्गों के अधिकारों को मजबूत होते देखना चाहती है। कांग्रेस, इंडी गठबंधन के साथ मिलकर प्रदेश की जनता के सामने मजबूत विकल्प प्रस्तुत करेगी।

उत्तर प्रदेश में सपा और कांग्रेस के बीच सीटों के बंटवारे को लेकर 17 नवंबर को बैठक होनी है। इसमें दोनों दलों के नेता सीटों की संख्या और गठबंधन के फार्मूले पर चर्चा करेंगे। कांग्रेस की ओर से अब तक 181 सीटों पर दावेदारी की बात सामने आई है। सपा का जोर सीटों के बंटवारे में उम्मीदवारों की जीतने की क्षमता को आधार बनाने पर है।

सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने हाल ही में कांग्रेस की 181 सीटों पर दावेदारी का उल्लेख किया था। इससे पहले कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम बराबरी और सम्मान के आधार पर गठबंधन की बात कह चुके हैं। कांग्रेस की ओर से 200 सीटों तक दावेदारी की चर्चा भी सामने आती रही है, जबकि सपा की ओर से कांग्रेस को 50 से 60 सीटें देने की बात कही जा रही है।

उत्तर प्रदेश के 2022 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने 403 में से 399 सीटों पर उम्मीदवार उतारे थे। पार्टी को केवल दो सीटों पर जीत मिली थी और चार सीटों पर उसके उम्मीदवार दूसरे स्थान पर रहे थे। पार्टी के 387 उम्मीदवारों की जमानत जब्त हो गई थी। कांग्रेस को पूरे प्रदेश में करीब 21.51 लाख वोट मिले थे।

बैठक में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा, संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल, उत्तर प्रदेश के प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम, प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा और कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष इमरान मसूद तथा उत्तर प्रदेश कांग्रेस विधायक दल के नेता वीरेंद्र चौधरी मौजूद रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img
- Advertisement -spot_img

Latest

- Advertisement -spot_img
- Advertisement -

More articles

- Advertisement -
- Advertisement -