देवरिया 18 नवंबर। देवरिया जिले के भटनी थाने में मंगलवार को निरीक्षक के सामने ही एक युवक की पिटाई करना तीन पुलिसकर्मियों को भारी पड़ गया। सीओ की जांच रिपोर्ट के आधार पर पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर शंकर ने एक दरोगा और दो कांस्टेबल को निलंबित कर दिया है। मंगलवार को एक मामले में अपने भतीजे को लेकर थाने पहुंचे भाजपा नेता के सामने ही दरोगा और कांस्टेबल ने युवक के साथ मारपीट की थी। घटना की जानकारी मिलते ही भाजपा विधायक समेत कई कार्यकर्ता थाने पहुंच गए थे और जमकर हंगामा हुआ था।
सोमवार को शिवबनकटा गांव में ट्रैक्टर लेकर जा रहे पिपरा देवराज निवासी शिवम तिवारी का बाइक सवार तीन युवकों से विवाद हो गया था। मौके पर पहुंचे दो कांस्टेबलों से भी शिवम की नाम-पता पूछने को लेकर कहासुनी हो गई थी। मंगलवार को सूचना मिलने पर भाजपा नेता विशंभर तिवारी अपने भतीजे शिवम और भाई त्रिलोकी नाथ तिवारी के साथ थाने पहुंचे। निरीक्षक पंकज गुप्त के समझाने के बाद शिवम पुलिसकर्मियों से माफी मांगने के लिए बाहर निकला।
व्यापारी से उगाही में रिटायर्ड तहसीलदार समेत चार पकड़े, एक फोटो देख ऐसे हुआ शक
इसी बीच दरोगा संतोष यादव, कांस्टेबल चंद्रिका सरोज और आशीष यादव ने शिवम के साथ मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान शिवम के हाथ में चोट भी आई। मामले से नाराज भाजपा नेता ने घटना की जानकारी क्षेत्रीय विधायक सुरेंद्र चौरसिया को दी। विधायक समेत कई कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे और घटना पर नाराजगी जताई। विधायक के थाने पहुंचने की सूचना मिलते ही सीओ मनोज कुमार भी वहां पहुंच गए। उन्होंने मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन दिया।
बुधवार की सुबह दरोगा संतोष यादव, कांस्टेबल चंद्रिका सरोज और आशीष यादव को फरियादी के साथ दुर्व्यवहार करने के आरोप में एसपी अभिजीत आर. शंकर ने निलंबित कर दिया। पीड़ित पक्ष की मांग है कि आरोपित पुलिसकर्मियों के खिलाफ मारपीट और दुर्व्यवहार का मुकदमा भी दर्ज किया जाए। पुलिस क्षेत्राधिकारी मनोज कुमार ने कहा कि मामले में जांच आख्या पुलिस अधीक्षक को सौंप दी गई थी। प्रथम दृष्टया दोषी पाए गए एक दरोगा और दो कांस्टेबल के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की गई है। भाटपाररानी, सीओ, मनोज कुमार ने कहा कि पुलिस कर्मियों पर थाने पर मारपीट का आरोप लगाया है। मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी ली गयी। पीड़ित ने तहरीर दी थी। जांच कराकर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की गई है।
विधायक व कार्यकर्ताओं के पहुंचने से गरमाया मामला
थाने में बुलाए गए भाजपा कार्यकर्ता के भतीजे के साथ मारपीट का आरोप लगने के बाद मंगलवार को थाने पर जमकर हंगामा हुआ। घटना की जानकारी मिलते ही विधायक सुरेन्द्र चैरसिया समेत भाजपा कार्यकर्ता थाने पहुंच गए। घटना की जानकारी मिलते ही मंडल अध्यक्ष रोहित मिश्र और विधायक सुरेन्द्र चौरसिया कार्यकर्ताओं के साथ थाने पहुंच गए। कार्यकर्ताओं ने थानेदार से पूरे मामले की जानकारी ली और आरोपी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। हंगामे की सूचना पर सीओ मनोज कुमार भी थाने पहुंचे। उन्होंने मामले की जांच कर दोषी पाए जाने वाले पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद मामला शांत हुआ।
देवरिया में भाजपा नेता के भतीजे की पिटाई, दरोगा समेत तीन पुलिसकर्मी निलंबित

- Advertisement -



