ब्रिक्स समिट में भाग लेने भारत आएंगे रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन, एक साल में दूसरी यात्रा

नई दिल्ली, 16 अप्रैल, 2026 (वेब वार्ता)। रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन इस वर्ष भारत में आयोजित होने वाले ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में भाग लेंगे। इस संबंध में जानकारी रूसी समाचार एजेंसी के माध्यम से सामने आई है, जिसमें क्रेमलिन के प्रवक्ता दिमित्री पेसकोव के हवाले से पुष्टि की गई है कि पुतिन का भारत दौरा तय है।

हालांकि, भारत में आयोजित होने वाले 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन की तिथि और विस्तृत कार्यक्रम अभी निर्धारित नहीं किए गए हैं, लेकिन रूस की ओर से इस उच्चस्तरीय भागीदारी की पुष्टि ने इस सम्मेलन के महत्व को और बढ़ा दिया है।

भारत की अध्यक्षता में होगा सम्मेलन

इस वर्ष ब्रिक्स शिखर सम्मेलन की अध्यक्षता भारत के पास है। इससे पहले वर्ष 2025 में ब्राजील के रियो डी जेनेरियो में 6-7 जुलाई को इस सम्मेलन का आयोजन किया गया था। भारत द्वारा आयोजित इस बार के सम्मेलन का विषय ‘संकट सहनशीलता, नवाचार, सहयोग और सतत विकास का निर्माण’ रखा गया है।

यह विषय नरेंद्र मोदी द्वारा पूर्व में प्रस्तुत ‘जन-केंद्रित और मानवता-प्रथम’ दृष्टिकोण को आगे बढ़ाने का संकेत देता है। भारत इससे पहले 9 सितंबर, 2021 को भी 13वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन की सफल मेजबानी कर चुका है।

एक वर्ष में दूसरी बार भारत आएंगे पुतिन

ब्रिक्स सम्मेलन में भाग लेने के लिए पुतिन की यह यात्रा एक वर्ष के भीतर उनकी दूसरी भारत यात्रा होगी। इससे पहले दिसंबर 2025 में पुतिन, भारत-रूस वार्षिक शिखर सम्मेलन में भाग लेने के लिए भारत आए थे।

उस दौरान पुतिन और नरेंद्र मोदी के बीच द्विपक्षीय वार्ता में दोनों देशों के बीच विशेष और विशेषाधिकार प्राप्त रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने पर सहमति बनी थी।

आर्थिक और परिवहन सहयोग पर जोर

पिछली बैठक के दौरान भारत और रूस के बीच बंदरगाह और नौवहन क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने के लिए समझौते पर हस्ताक्षर किए गए थे। इसके साथ ही दोनों देशों ने स्थिर और प्रभावी परिवहन गलियारे के निर्माण में सहयोग बढ़ाने पर भी सहमति व्यक्त की थी।

विशेषज्ञों का मानना है कि भारत में आयोजित होने वाला आगामी ब्रिक्स शिखर सम्मेलन वैश्विक आर्थिक और कूटनीतिक संतुलन के लिहाज से महत्वपूर्ण साबित होगा, जिसमें रूस की सक्रिय भागीदारी भारत-रूस संबंधों को नई दिशा दे सकती है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img
- Advertisement -spot_img
- Advertisement -

Latest

More articles