मुंबई, 11 मई (वेब वार्ता)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा देशवासियों से एक वर्ष तक सोना न खरीदने की अपील के बाद देशभर में सोने को लेकर चर्चा तेज हो गई है। इसी बीच बॉलीवुड और राजनीति से जुड़े कई चर्चित सितारों के गोल्ड और डायमंड कलेक्शन भी सुर्खियों में आ गए हैं। चुनावी हलफनामों और सार्वजनिक घोषणाओं के आधार पर कई सितारों के पास करोड़ों रुपये के सोने, चांदी और हीरे के आभूषण मौजूद हैं।
सबसे ज्यादा चर्चा महानायक अमिताभ बच्चन और राज्यसभा सांसद जया बच्चन के आभूषणों को लेकर हो रही है। वर्ष 2024 में दाखिल चुनावी हलफनामे के अनुसार जया बच्चन के पास करीब 40.97 करोड़ रुपये के सोने और हीरे के आभूषण हैं, जबकि अमिताभ बच्चन के पास लगभग 54.77 करोड़ रुपये मूल्य के जेवर बताए गए हैं। दोनों की संयुक्त ज्वेलरी संपत्ति करीब 95 करोड़ रुपये आंकी गई है।
भाजपा सांसद और अभिनेत्री कंगना रनौत भी इस सूची में प्रमुख नामों में शामिल हैं। चुनावी हलफनामे के अनुसार उनके पास लगभग 6.7 किलोग्राम सोना है, जिसकी कीमत करीब पांच करोड़ रुपये से अधिक बताई गई है। इसके अलावा उनके पास लगभग 60 किलोग्राम चांदी और तीन करोड़ रुपये मूल्य के हीरे भी मौजूद हैं।
भाजपा सांसद और दिग्गज अभिनेत्री हेमा मालिनी के पास भी बड़ी मात्रा में सोना और हीरे हैं। वर्ष 2024 के चुनावी हलफनामे में उन्होंने बताया था कि उनके पास 3.39 करोड़ रुपये से अधिक कीमत के सोने, चांदी और हीरे के आभूषण हैं। इससे पहले वर्ष 2011 में उन्होंने अपने पास लगभग पांच किलोग्राम सोना और 25 किलोग्राम से अधिक चांदी होने की जानकारी दी थी।
पूर्व केंद्रीय मंत्री और अभिनेत्री स्मृति ईरानी के पास भी लाखों रुपये मूल्य के आभूषण हैं। उनके चुनावी हलफनामे के मुताबिक उनके पास लगभग 37.48 लाख रुपये के सोने, हीरे और चांदी के गहने हैं। इसमें 24 कैरेट सोने से लेकर भारी वजन वाली ज्वेलरी और डायमंड आभूषण शामिल हैं।
दक्षिण भारतीय अभिनेता और राजनेता थलापति विजय के पास भी बड़ी मात्रा में सोना मौजूद है। चुनावी दस्तावेजों के अनुसार उनके पास करीब 883 ग्राम सोना है, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 1.2 करोड़ रुपये बताई गई है। इसके अलावा उनके पास 15 लाख रुपये मूल्य की चांदी भी है।
वहीं वरिष्ठ अभिनेत्री और पूर्व सांसद जया प्रदा के पास भी करीब दो किलोग्राम सोना होने की जानकारी सामने आई थी। मीडिया रिपोर्ट्स और चुनावी हलफनामों के अनुसार उन्होंने अपने पास बड़ी मात्रा में सोने के आभूषण होने का उल्लेख किया था।
गौरतलब है कि ये आंकड़े संबंधित सितारों द्वारा चुनावी हलफनामों और सार्वजनिक घोषणाओं में दी गई जानकारी पर आधारित हैं। इनमें केवल उन्हीं कलाकारों और नेताओं को शामिल किया गया है जो राजनीति में सक्रिय हैं और जिन्होंने अपनी संपत्तियों का आधिकारिक विवरण सार्वजनिक किया है।




