रायपुर, 11 मई (वेब वार्ता)। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में शादी समारोह के दौरान कथित हर्ष फायरिंग का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद पूरे मामले ने राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में हलचल पैदा कर दी है। दावा किया जा रहा है कि वायरल वीडियो में दिखाई दे रहे लोग भाजपा से जुड़े हुए हैं।
जानकारी के अनुसार एक शादी समारोह के दौरान बारात में खुशी का माहौल था, जहां भाजपा नेत्री ऋतुपर्ण सिंह, मोनिका सिंह और उनके परिजन कथित तौर पर बंदूक से हवा में फायरिंग करते नजर आए। वायरल वीडियो में एक ही हथियार से दो बार फायरिंग होती दिखाई दे रही है। वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद लोगों ने इस पर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की है।
राजधानी रायपुर में कमिश्नर प्रणाली लागू होने के साथ हर्ष फायरिंग पर पूर्ण प्रतिबंध है। इसके बावजूद खुलेआम इस तरह की घटना सामने आने के बाद पुलिस व्यवस्था और निगरानी तंत्र पर सवाल खड़े हो रहे हैं। लोगों का कहना है कि यदि प्रतिबंध के बावजूद इस प्रकार की घटनाएं होती हैं तो यह कानून व्यवस्था के लिए गंभीर चिंता का विषय है।
घटना को लेकर अभी तक पुलिस की ओर से विस्तृत आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। हालांकि वायरल वीडियो के आधार पर मामले की जांच की चर्चा तेज हो गई है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इस्तेमाल किया गया हथियार लाइसेंसी था या नहीं और फायरिंग किन परिस्थितियों में की गई।
विशेषज्ञों का मानना है कि हर्ष फायरिंग जैसी घटनाएं अक्सर बड़े हादसों का कारण बनती हैं। ऐसे मामलों में प्रशासन द्वारा सख्त कार्रवाई की आवश्यकता होती है ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके। फिलहाल सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो को लेकर बहस तेज है और लोग पुलिस से निष्पक्ष कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।




