लखनऊ, 27 मई (वेब वार्ता)। दिल्ली से गोरखपुर जा रही एक प्राइवेट स्लीपर बस मंगलवार तड़के लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर अनियंत्रित होकर पलट गई। भीषण सड़क हादसे में एक दरोगा समेत सात यात्रियों की मौत हो गई, जबकि तीन पुलिसकर्मियों सहित 24 लोग घायल हो गए। हादसे के समय बस में कुल 52 यात्री सवार थे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार हादसा सुबह करीब पांच बजे हुआ। तेज रफ्तार से चल रही बस अचानक चालक के नियंत्रण से बाहर हो गई और पुलिया से टकराने के बाद पलट गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बस की गति इतनी अधिक थी कि पलटने के बाद वह करीब 100 मीटर तक सड़क पर घिसटती चली गई, जिससे दुर्घटना की भयावहता और बढ़ गई।
हादसे के बाद बस में सवार यात्रियों के बीच चीख-पुकार मच गई। कई यात्री बस के अंदर फंस गए, जिससे घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। दुर्घटना की सूचना मिलने के बाद करीब आधे घंटे में यूपीडा कर्मी और पुलिस मौके पर पहुंचे तथा राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया।
घायलों को एंबुलेंस की सहायता से नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद 24 घायलों को बेहतर इलाज के लिए लखनऊ स्थित आघात केंद्र रेफर कर दिया गया। चिकित्सकों के अनुसार कुछ घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है।
पुलिस ने मृतकों के शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधीक्षक जयप्रकाश सिंह ने बताया कि दुर्घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि गंभीर रूप से घायल यात्रियों को विशेष चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।
प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह तेज रफ्तार और चालक का वाहन पर नियंत्रण खोना माना जा रहा है, हालांकि पुलिस तकनीकी और अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है। इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर एक्सप्रेसवे पर तेज रफ्तार और सड़क सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।




