बांदा-ग्राम विकास फाउंडेशन के तत्वावधान में आयोजित शिविर में भिण्डौरा, महेदू और छिरहुटा के लोगों ने किया प्रतिभाग
ग्राम विकास फाउंडेशन के तत्वावधान में एलिम्को के सहयोग से मंगलवार को ग्राम छिरहुटा में वृद्धजनों एवं दिव्यांगजनों के चिन्हांकन और पंजीयन के लिए शिविर आयोजित किया गया। शिविर में ग्राम भिण्डौरा, महेदू एवं छिरहुटा के लोगों ने प्रतिभाग किया। शिविर के माध्यम से जरूरतमंद वृद्धजनों एवं दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण उपलब्ध कराने के लिए पात्र लाभार्थियों का चिन्हांकन किया गया।
शिविर में राजकुमारी, गेंदिया गयाप्रसाद, बैद्यनाथ, शिवनारायण, कुंती एवं रामसजीवन सहित कुल 158 लोगों का पंजीयन किया गया। पंजीकृत लाभार्थियों को पात्रता एवं संबंधित नियमों के अनुसार निःशुल्क सहायक उपकरण उपलब्ध कराए जाएंगे।
इन उपकरणों में छड़ी, बैसाखी, कान की मशीन, ट्राइसाइकिल, मोटराइज्ड साइकिल, कमर बेल्ट, घुटना बेल्ट, वॉकर एवं व्हीलचेयर सहित अन्य आवश्यक सहायक उपकरण शामिल हैं। इन उपकरणों से जरूरतमंद वृद्धजनों एवं दिव्यांगजनों को दैनिक जीवन में सहूलियत प्रदान करने में मदद मिलेगी।
डॉ. अनिल कुमार शर्मा, अध्यक्ष, ग्राम विकास फाउंडेशन के नेतृत्व में संस्था द्वारा जरूरतमंद लोगों तक जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुँचाने तथा वृद्धजनों एवं दिव्यांगजनों को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने के उद्देश्य से प्रयास किए जा रहे हैं।
कार्यक्रम के अंत में ग्राम विकास फाउंडेशन के सचिव भरत लाल ने शिविर में सहयोग करने वाले सभी लोगों एवं प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम के सफल आयोजन में अनूप सिंह एवं बिपेंद्र का विशेष सहयोग रहा।
ग्राम विकास फाउंडेशन ने जरूरतमंद लोगों की सहायता एवं समाजसेवा के कार्यों को आगे भी जारी रखने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।




