देहरादून, 06 जून (वेब वार्ता)। उत्तराखंड में बीते दो दिनों से रुक-रुक कर हो रही बारिश का असर अब साफ तौर पर मौसम पर दिखाई देने लगा है। पर्वतीय क्षेत्रों के साथ-साथ मैदानी इलाकों में भी तापमान में गिरावट दर्ज की गई है, जिससे लोगों को जून की तपती गर्मी से राहत मिली है और ठंडक का अहसास होने लगा है।
मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, शुक्रवार सुबह करीब एक घंटे तक हुई लगातार बारिश के कारण राजधानी देहरादून के अधिकतम तापमान में छह डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। देहरादून का अधिकतम तापमान घटकर 29.9 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। वहीं, अकेले देहरादून में 27.1 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई।
जून की शुरुआत से ही प्रदेशभर में मौसम का मिजाज बदला हुआ है। बीच-बीच में हो रही बारिश और तेज हवाओं के कारण लोगों को गर्मी से राहत मिली है। हालांकि कुछ स्थानों पर तेज आंधी और पेड़ गिरने की घटनाओं से यातायात भी प्रभावित हुआ।
पेड़ गिरने से बाधित हुआ यातायात
प्रदेश के कुछ हिस्सों में तेज तूफान के चलते पेड़ सड़कों पर गिर गए, जिससे आवाजाही प्रभावित हुई। हालांकि वन विभाग और पुलिस विभाग की संयुक्त टीमों ने तत्परता दिखाते हुए सड़कों से पेड़ों को हटाया और यातायात व्यवस्था को जल्द बहाल कर दिया।
प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्कता बरतने और अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है।
11 जून तक बदला रहेगा मौसम
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि जलवायु परिवर्तन और सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव के कारण प्रदेश में मौसम के इस तरह के बदलाव देखने को मिल रहे हैं। विशेषज्ञों के अनुसार, आगामी 11 जून तक उत्तराखंड में मौसम का यही रुख बना रह सकता है।
अनुमान है कि पर्वतीय क्षेत्रों के साथ मैदानी इलाकों में भी समय-समय पर बारिश होती रहेगी, जिससे तापमान सामान्य के आसपास बना रहेगा और भीषण गर्मी से राहत मिलती रहेगी।
आज भी बारिश के आसार, येलो अलर्ट जारी
मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से जारी पूर्वानुमान के अनुसार शनिवार को भी प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की बारिश की संभावना है। पर्वतीय जिलों के साथ मैदानी क्षेत्रों में भी गरज-चमक के साथ वर्षा हो सकती है।
इसके अलावा पर्वतीय इलाकों के लिए 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का येलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने विशेष रूप से पहाड़ी क्षेत्रों में रहने वाले लोगों और यात्रियों को सतर्क रहने की सलाह दी है।
लगातार हो रही बारिश ने जहां एक ओर लोगों को गर्मी से राहत दी है, वहीं प्रशासन और आपदा प्रबंधन विभाग भी किसी भी संभावित स्थिति से निपटने के लिए सतर्क नजर आ रहे हैं।




