• अधिकारियों ने बाल विवाह मुक्त समाज और बेहतर स्वास्थ्य के लिए दिलाई सामूहिक शपथ
बहराइचlजिले के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फखरपुर के सभागार में ‘उम्मीद’ परियोजना के अंतर्गत ब्लॉक समन्वय समिति की तृतीय त्रैमासिक बैठक का आयोजन किया गया। पापुलेशन फाउंडेशन ऑफ़ इंडिया एवं मोबियस फाउंडेशन के वित्तीय सहयोग से आयोजित इस बैठक की अध्यक्षता खंड विकास अधिकारी विनोद कुमार यादव एवं सीएचसी अधीक्षक डॉ. वासुदेव ने संयुक्त रूप से की।
बैठक का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण समुदाय में बाल विवाह जैसी कुप्रथा पर प्रभावी रोक लगाना, बालिकाओं की शिक्षा को बढ़ावा देना, विवाह की सही उम्र, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सुदृढ़ीकरण, किशोर-किशोरी स्वास्थ्य संवर्धन, उचित उम्र में गर्भधारण तथा दो बच्चों के जन्म के बीच उचित अंतराल रखने के प्रति व्यापक जन-जागरूकता फैलाना रहा।
बैठक को संबोधित करते हुए खंड विकास अधिकारी विनोद कुमार यादव ने कहा कि समाज के समग्र विकास के लिए बेटियों की शिक्षा और सही उम्र में विवाह अत्यंत आवश्यक है। बाल विवाह न केवल कानूनन अपराध है, बल्कि यह मातृ व शिशु के स्वास्थ्य को भी गंभीर खतरे में डालता है। सीएचसी अधीक्षक डॉ. वासुदेव ने जनपद बहराइच के स्वास्थ्य सूचकांकों की वर्तमान स्थिति पर विस्तृत चर्चा करते हुए अंतर-विभागीय समन्वय के जरिए स्वास्थ्य मानकों में सुधार लाने पर बल दिया।
कार्यक्रम के दौरान पापुलेशन फाउंडेशन द्वारा संचालित विशेष जागरूकता अभियान ‘इतनी भी क्या जल्दी है’ एवं ‘देश बदलेगा जब मर्द बदलेगा’ पर आधारित एनिमेटेड फिल्में, जिंगल्स और रील्स प्रतिभागियों को दिखाई गईं, जिसे सभी ने खूब सराहा।
बैठक के समापन पर सहायक खंड विकास अधिकारी एवं सीएचसी अधीक्षक ने उपस्थित सभी अधिकारियों, कर्मचारियों एवं प्रतिनिधियों को बाल विवाह उन्मूलन, शिक्षा के प्रोत्साहन और मातृ-शिशु के बेहतर स्वास्थ्य के लिए सामूहिक शपथ दिलाई गई।
इस अवसर पर स्वास्थ्य विभाग, पंचायती राज विभाग, बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन , बेसिक शिक्षा विभाग के अधिकारी-कर्मचारी तथा पापुलेशन फाउंडेशन ऑफ़ इंडिया के जिला प्रतिनिधि रामबरन यादव मुख्य रूप से उपस्थित रहे।




