spot_img

केदारनाथ धाम में तोड़फोड़, सार्वजनिक संपत्ति नुकसान मामले में मुकदमा दर्ज

रुद्रप्रयाग, 24 अप्रैल (वेब वार्ता)। उत्तराखंड के केदारनाथ धाम में सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने का मामला सामने आने के बाद पुलिस ने अज्ञात अराजक तत्वों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। यात्रा व्यवस्थाओं को सुचारु बनाए रखने के बीच इस घटना ने प्रशासन की चिंता बढ़ा दी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार सुलभ इंटरनेशनल के सुपरवाइजर मिंटू पाठक की लिखित तहरीर के आधार पर कोतवाली सोनप्रयाग पुलिस ने कार्रवाई की है। शिकायत में बताया गया है कि केदारनाथ क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर स्थापित सार्वजनिक शौचालयों में तोड़फोड़ की गई है।

तहरीर के मुताबिक हेलीपैड, घोड़ा पड़ाव और अन्य सेक्टरों में स्थित शौचालयों के दरवाजों को नुकसान पहुंचाया गया है। केदारनाथ धाम के हाट बाजार, लोक निर्माण विभाग कार्यालय के पीछे, पंजाब सिंध भवन के पास और बेस कैंप क्षेत्र में कुल पांच दरवाजे क्षतिग्रस्त पाए गए हैं। इसके अलावा कई स्थानों पर नल और सिस्टन भी तोड़े गए हैं, जिससे यात्रियों को असुविधा का सामना करना पड़ सकता है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने सार्वजनिक संपत्ति नुकसान निवारण अधिनियम, 1984 की धारा तीन के तहत अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस इस मामले की गहन जांच कर रही है और आरोपियों की पहचान के प्रयास जारी हैं।

रुद्रप्रयाग पुलिस ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि केदारनाथ यात्रा की गरिमा और जन-सुविधाओं को नुकसान पहुंचाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे यात्रा के दौरान व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

spot_img
- Advertisement -spot_img
- Advertisement -spot_img
- Advertisement -

Latest

More articles