मुंबई, 24 अप्रैल (वेब वार्ता)। निर्देशक Aditya Dhar की फिल्म ‘धुरंधर 2’ ने बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन करते हुए कई रिकॉर्ड अपने नाम किए हैं। Ranveer Singh अभिनीत इस फिल्म ने दुनियाभर में 1764.15 करोड़ रुपये की कमाई कर ली है, लेकिन इसके बावजूद यह Dangal और Baahubali 2: The Conclusion के रिकॉर्ड को पीछे नहीं छोड़ पाई।
आंकड़ों के अनुसार ‘धुरंधर 2’ और ‘बाहुबली 2’ के बीच महज करीब 28 करोड़ रुपये का अंतर है, जहां ‘बाहुबली 2’ का कुल वैश्विक कलेक्शन 1788.06 करोड़ रुपये रहा। वहीं आमिर खान की ‘दंगल’ 2070.3 करोड़ रुपये के साथ अब भी शीर्ष स्थान पर बनी हुई है।
फिल्म विशेषज्ञों के अनुसार ‘धुरंधर 2’ के पीछे रह जाने के कई कारण हैं। सबसे बड़ा कारण अंतरराष्ट्रीय बाजार का असर माना जा रहा है। ‘दंगल’ को चीन में जबरदस्त सफलता मिली थी, जहां उसने अकेले 1305 करोड़ रुपये से अधिक का कारोबार किया। इसके विपरीत ‘धुरंधर 2’ को उस स्तर का विदेशी बाजार नहीं मिला।
इसके अलावा खाड़ी देशों में भी फिल्म को झटका लगा, जहां इसे प्रतिबंध का सामना करना पड़ा। अनुमान है कि वहां से फिल्म करीब 100 करोड़ रुपये का अतिरिक्त कारोबार कर सकती थी। इसके बावजूद फिल्म ने विदेशी बाजार में लगभग 230 करोड़ रुपये का कारोबार किया।
क्षेत्रीय भाषाओं में भी फिल्म को अपेक्षित सफलता नहीं मिल सकी। हिंदी में जहां फिल्म ने 1053.71 करोड़ रुपये कमाए, वहीं कन्नड़, मलयालम, तमिल और तेलुगु में इसका प्रदर्शन सीमित रहा। दक्षिण भारतीय बाजार में कुल मिलाकर फिल्म का संग्रह अपेक्षा से कम रहा।
फिल्म के ‘ए’ प्रमाणन को भी इसकी कमाई में बाधा माना जा रहा है। इस श्रेणी के कारण पारिवारिक दर्शक बड़ी संख्या में सिनेमाघरों से दूर रहे, जिससे कुल दर्शक संख्या पर असर पड़ा।
इसके साथ ही फिल्म का लंबा समय भी एक कारण माना जा रहा है। लगभग चार घंटे की अवधि और अत्यधिक एक्शन व हिंसक दृश्यों के कारण कुछ दर्शकों ने इसे देखने से परहेज किया, जिससे संग्रह पर प्रभाव पड़ा।
हालांकि इन सीमाओं के बावजूद ‘धुरंधर’ श्रृंखला भारतीय सिनेमा की सफल फ्रेंचाइजी के रूप में उभरी है। दोनों भागों ने मिलकर 3000 करोड़ रुपये से अधिक का कारोबार किया है, जो अपने आप में एक बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है।





