लक्ष्मीकान्त पाठक
हरदोई। शाहाबाद कोतवाली क्षेत्र के बिलालपुर शर्मा गांव में बुधवार दोपहर दर्दनाक हादसा हो गया। खेत की देखभाल के लिए घर से निकले युवक की रेलवे ट्रैक पार करते समय तेज रफ्तार ट्रेन की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
मृतक की पहचान अमित सिंह पुत्र चक्रपाल सिंह, निवासी बिलालपुर शर्मा के रूप में हुई है। परिजनों के मुताबिक अमित रोज की तरह बुधवार दोपहर करीब 12 बजे खेत की ओर जा रहे थे। खेत जाने के रास्ते में उन्हें रेलवे ट्रैक पार करना था। इसी दौरान वह ट्रेन की चपेट में आ गए और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और घटना की सूचना परिजनों को दी। कुछ देर पहले खेत के लिए घर से निकले अमित की मौत की खबर सुनते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं हादसे के बाद पूरे गांव में मातम पसरा है।सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस और रेलवे पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस हादसे की परिस्थितियों की जांच कर रही है।




