लक्ष्मीकान्त पाठक | वेबवार्ता
हरदोई। माउंट एल्ब्रुस, माउंट किलिमंजारो, माउंट केन्या सहित देश-विदेश की कई ऊंची पर्वत चोटियों पर तिरंगा फहराने वाले अंतर्राष्ट्रीय युवा पर्वतारोही एवं उत्तर प्रदेश सरकार के सर्वोच्च युवा सम्मान ‘स्वामी विवेकानंद यूथ अवॉर्ड’ से सम्मानित अभिनीत मौर्य ने अपने जन्मदिन पर वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
इस अवसर पर अभिनीत मौर्य ने कहा कि जन्मदिन को केवल उत्सव तक सीमित रखने के बजाय प्रकृति और समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाना भी जरूरी है। इसी भावना के साथ उन्होंने जन्मदिन पर पौधारोपण किया और लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने के साथ उनकी नियमित देखभाल करने की अपील की।
अभिनीत मौर्य अपने पर्वतारोहण अभियानों के माध्यम से भी पर्यावरण संरक्षण के प्रति लोगों को लगातार जागरूक करते रहे हैं। देश-विदेश की पर्वत चोटियों पर अभियानों के दौरान वह स्वच्छ पर्वतीय पर्यावरण, प्लास्टिक एवं कचरा मुक्त पर्वतीय क्षेत्रों तथा प्रकृति संरक्षण का संदेश देते रहे हैं।
उन्होंने कहा कि पर्वतारोहण ने उन्हें प्रकृति को करीब से समझने का अवसर दिया है। पर्वत, जंगल, नदियां और हिमनद हमारी अमूल्य प्राकृतिक धरोहर हैं। इनका संरक्षण वर्तमान पीढ़ी के साथ-साथ आने वाली पीढ़ियों के लिए भी हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है।
उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे अपने जन्मदिन और अन्य विशेष अवसरों पर पौधारोपण करें तथा ‘एक व्यक्ति–एक पौधा’ के संकल्प को आगे बढ़ाएं।
अभिनीत मौर्य ने कहा, “प्रकृति सुरक्षित रहेगी, तभी हमारा भविष्य सुरक्षित रहेगा। आइए, खुशियों के हर अवसर को एक पौधे के साथ यादगार बनाएं।”
जन्मदिन पर वृक्षारोपण कर युवा पर्वतारोही अभिनीत मौर्य ने दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

- Advertisement -



