लक्ष्मीकान्त पाठक।वेबवार्ता
हरदोई, 8 सितंबर। सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) की ओर से सामाजिक समरसता, सामाजिक न्याय और समाज के सभी वर्गों को एकजुट करने के उद्देश्य से आगामी 13 सितंबर 2026 को हरदोई के नॉर्मल स्कूल ग्राउंड में विशाल ‘सामाजिक समरसता महारैली’ का आयोजन किया जाएगा। महारैली में प्रदेश के विभिन्न जनपदों से बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता, पदाधिकारी और समर्थक शामिल होंगे।
महारैली की तैयारियों एवं उद्देश्यों को लेकर मंगलवार को हरदोई गेस्ट हाउस में पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता पीयूष मिश्रा ने प्रेस वार्ता की। उन्होंने कहा कि यह महारैली केवल राजनीतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि समाज के सभी वर्गों को साथ लेकर चलने और सामाजिक एकता को मजबूत करने का व्यापक अभियान है।
उन्होंने कहा कि समाज की मजबूती आपसी भाईचारे, समान अवसर और सामाजिक न्याय से होती है। प्रदेश के विकास में किसी भी वर्ग की उपेक्षा नहीं होनी चाहिए। पिछड़े, वंचित और कमजोर वर्गों को सम्मान, अधिकार तथा विकास के समान अवसर मिलना जरूरी है।
पीयूष मिश्रा ने बताया कि 13 सितंबर को होने वाली महारैली में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर, राष्ट्रीय प्रमुख महासचिव अरविंद राजभर, राष्ट्रीय मुख्य प्रवक्ता अरुण राजभर सहित पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी और प्रमुख नेता उपस्थित रहेंगे।
महारैली में सामाजिक एकता, सामाजिक न्याय, पिछड़े एवं वंचित वर्गों के अधिकार, सम्मान और विकास से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया जाएगा। पार्टी कार्यकर्ताओं की ओर से महारैली को सफल बनाने के लिए लगातार व्यापक जनसंपर्क, बैठकें और सांगठनिक तैयारियां की जा रही हैं।
प्रेस वार्ता के दौरान संडीला विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी एवं राष्ट्रीय प्रवक्ता सुनील अर्कवंशी, संस्कृत प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष संजय अर्कवंशी, युवा मंच के जिलाध्यक्ष पुनीत अर्कवंशी, अक्षय पाठक, आयुष, संदीप सिंह, शोभित अर्कवंशी, शैलेंद्र द्विवेदी और अनुराग ओझा सहित पार्टी के अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
राष्ट्रीय प्रवक्ता पीयूष मिश्रा ने समाज के सभी वर्गों से 13 सितंबर को नॉर्मल स्कूल ग्राउंड पहुंचकर सामाजिक समरसता और सामाजिक एकता के इस अभियान को मजबूत करने की अपील की।
उन्होंने कहा कि “सामाजिक समरसता तभी मजबूत होगी, जब समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति को भी सम्मान, अधिकार और विकास का समान अवसर मिलेगा।”




