लक्ष्मीकान्त पाठक
हरदोई (वेबवार्ता) अतरौली थाना क्षेत्र के रेहरियामऊ गांव में दधि उत्सव की उल्लास भरी रात उस समय विवाद और मारपीट के शोर में बदल गई, जब कार्यक्रम में बज रहे एक गाने को लेकर दो पक्ष आमने-सामने आ गए। ‘मैनपुरी ने साथ निभाया, डिंपल यादव जीत गईं’ गाना बार-बार बजाए जाने पर कृष्ण भगवान के भजन बजाने की मांग को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते उग्र हो गया। आरोप है कि इस दौरान लोगों को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा गया तथा महिलाओं और बच्चों के साथ भी मारपीट की गई। मामले में पुलिस ने पांच नामजद समेत 40 अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।
रेहरियामऊ निवासी देशराज ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि गांव के ही जगदीश यादव के यहां 10 सितंबर की रात दधि उत्सव का आयोजन किया गया था। वह रंजीत, सचिन और अरुण के साथ कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचा था। उत्सव में चार महिलाएं नृत्य प्रस्तुत कर रही थीं और माहौल पूरी तरह उत्सवमय था। इसी दौरान ‘मैनपुरी ने साथ निभाया, डिंपल यादव जीत गईं’ गाना बार-बार बजाया जा रहा था।
भजन बजाने की मांग पर बढ़ा विवाद
देशराज के मुताबिक, उसने कार्यक्रम में कृष्ण भगवान के भजन बजाने की बात कही। आरोप है कि इसी बात को लेकर गांव के राजू यादव, दुर्गेश यादव, विवेक यादव, सचिन यादव और रीतेश यादव उससे उलझ गए। आरोप है कि उसके साथ मारपीट की गई और जातिसूचक शब्दों का भी इस्तेमाल किया गया।
तहरीर के अनुसार, आरोपियों का कहना था कि कार्यक्रम में आयोजक की इच्छा के अनुसार ही गाने बजाए जाएंगे। देखते ही देखते मामूली कहासुनी ने उग्र रूप ले लिया और उत्सव का माहौल तनाव में बदल गया। इसके बाद मारपीट शुरू हो गई।
अफरा-तफरी के बीच महिलाओं और बच्चों से भी मारपीट का आरोप
मारपीट शुरू होते ही कार्यक्रम स्थल पर अफरा-तफरी मच गई। आरोप है कि राजेश, प्रेम, अनुज, गोलू, राजेंद्र, जोगिंदर, आशीष और रंजीत की मां ऊषा को भी निशाना बनाया गया। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि हमलावरों और उनके परिजनों ने लोगों को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। इस दौरान महिलाओं और बच्चों के साथ भी मारपीट किए जाने का आरोप है।
घटना में घायल रंजीत और अरुण का उपचार कराया गया। घटना के बाद पीड़ित पक्ष ने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
पांच नामजद, 40 अज्ञात पर प्राथमिकी
प्रभारी निरीक्षक शिवाकांत पांडेय ने बताया कि मामले में पांच लोगों को नामजद करते हुए 40 अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और घटना में शामिल अन्य लोगों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।




