लक्ष्मीकान्त पाठक।वेबवार्ता
हरदोई। पुलिस विभाग में लापरवाही और अनुशासनहीनता के खिलाफ पुलिस अधीक्षक ने रविवार को बड़ी कार्रवाई की। जनपद के अलग-अलग थानों में तैनात तीन उपनिरीक्षकों समेत चार पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया। सभी मामलों में विभागीय जांच भी शुरू कराई गई है।
बेहटा गोकुल थाने में तैनात उपनिरीक्षक मोहित कुमार पर सरकारी कार्य में रुचि न लेने और लंबित विवेचनाओं के निस्तारण में लापरवाही बरतने का आरोप है। एसपी ने इसे कर्तव्यों के प्रति घोर लापरवाही मानते हुए निलंबन की कार्रवाई की।
कोतवाली देहात में तैनात उपनिरीक्षक सभा नारायण सिंह के खिलाफ बाराबंकी और एटा में अभियोग पंजीकृत होने के साथ ही विभिन्न व्यक्तियों से धनराशि हड़पने संबंधी शिकायतें प्राप्त होने और बिना अवकाश अथवा सूचना के अनुपस्थित रहने की बात सामने आई। इसके बाद उन्हें भी निलंबित कर दिया गया।
शाहाबाद थाने के उपनिरीक्षक दृगपाल सिंह गौर पर सरकारी कार्य में रुचि न लेने, लंबित विवेचनाओं के निस्तारण में लापरवाही, उच्चाधिकारियों के आदेश-निर्देशों की अवहेलना और आमजन के साथ अभद्र व्यवहार करने के आरोप लगे। इन आरोपों के चलते एसपी ने उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया।वहीं सुरसा थाने के फॉलोअर शुभम गंगवार पर कर्तव्यों के प्रति घोर लापरवाही बरतने तथा शराब के नशे में आमजन के साथ अभद्र व्यवहार करने का आरोप है। इस मामले में भी निलंबन की कार्रवाई की गई है।
लापरवाही पर सख्त कार्रवाई का संदेश
चार पुलिसकर्मियों के निलंबन के साथ पुलिस अधीक्षक ने पूरे जनपद के पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को स्पष्ट संदेश दिया है कि कर्तव्यों और दायित्वों में उदासीनता अथवा शिथिलता किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पुलिसकर्मियों को निर्देशित किया गया है कि वे पूरी जिम्मेदारी और अनुशासन के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें। लापरवाही मिलने पर संबंधित के विरुद्ध कड़ी दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।




