कारोबारJio Share Market Listing Live: जियो के शेयरों...

Jio Share Market Listing Live: जियो के शेयरों की बाजार में शानदार एंट्री, जानिए कितना प्रीमियम मिला

सार

  • जियो प्लेटफॉर्म्स 28 अक्तूबर 2026 को शेयर बाजार में लिस्ट हो गए हैं।10.3 लाख करोड़ रुपये के वैल्यूएशन वाले इस ऐतिहासिक आईपीओ के शेयर 21.36% प्रीमियम पर लिस्ट हुए।
  • लिस्टिंग के दौरान आकाश अंबानी बोले- “हम जियो को विकास और उत्कृष्टता की नई ऊंचाइयों पर ले जाने का वादा करते हैं”।

    विस्तार

    भारतीय पूंजी बाजार के इतिहास में एक नया अध्याय जुड़ गया है। देश का अब तक का सबसे बड़ा और 10.3 लाख करोड़ रुपये के वैल्यूएशन वाला प्राथमिक निर्गम (आईपीओ) पूरा करने के बाद जियो प्लेटफॉर्म्स लिमिटेड (जेपीएल) के शेयर बुधवार को नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) और बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) पर लिस्ट हो गया। कंपनी के शेयर बीएसई और एनएसई पर 21.36 प्रतिशत के प्रीमियम के साथ 1358 रुपये प्रति शेयर के भाव पर लिस्ट हुए। सुबह 11 बजकर 33 मिनट पर जियो के शेयर 1362.75 रुपये के भाव पर कारोबार करते दिखे। दोपहर तीन बजकर 15 मिनट पर जियो प्लेटफॉर्म्स के शेयर इश्यू प्राइस की तुलना में 26.64% प्रतिशत की बढ़त के साथ 1417.15 रुपये के भाव पर कारोबार करते दिखे।

    क्या देश की दूसरी सबसे मूल्यवान कंपनी बनी जियो?

    जियो प्लेटफॉर्म्स लिमिटेड बुधवार को दलाल स्ट्रीट पर शानदार शुरुआत के बाद बाजार मूल्यांकन के हिसाब से दूसरी सबसे मूल्यवान भारतीय कंपनी बन गई। बीएसई पर शुरुआती डील के दौरान कंपनी का मार्केट वैल्यूएशन Rs 12,50,586.39 करोड़ था। डोमेस्टिक मार्केट कैप रैंकिंग में अब जियो प्लेटफॉर्म्स सिर्फ रिलायंस इंडस्ट्रीज से पीछे है। रिलायंस का मार्केट वैल्यूएशन Rs 15,89,937.97 करोड़ है।

    बाजार पूंजीकरण (एमकैप) रैंकिंग में शीर्ष पांच क्रम इस प्रकार हैं – रिलायंस इंडस्ट्रीज 15.89 लाख करोड़ रुपये, जियो प्लेटफॉर्म्स 12.50 लाख करोड़ रुपये, भारती एयरटेल 12.05 लाख करोड़ रुपये, एचडीएफसी बैंक 10.42 लाख करोड़ रुपये और आईसीआईसीआई बैंक 9.80 लाख करोड़ रुपये। जियो प्लेटफॉर्म्स और रिलायंस इंडस्ट्रीज दोनों का संयुक्त बाजार मूल्यांकन 28.40 लाख करोड़ रुपये है।

    आईपीओ में दांव लगाने वालों को कितना मुनाफा मिला?

    प्राथमिक बाजार में मिले मजबूत समर्थन के बाद 28 अक्टूबर को शेयर बाजार खुलते ही जियो प्लेटफॉर्म्स का शेयर ₹1,358 पर ट्रेड करने लगा। इश्यू प्राइस के अपर प्राइस बैंड ₹1,119 के मुकाबले 21.36 प्रतिशत के प्रीमियम पर लिस्ट होने से आवंटन पाने वाले निवेशकों को सीधे प्रति शेयर ₹239 का लिस्टिंग गेन हासिल हुआ।

    कारोबार के शुरुआती दौर में लिवाली के दम पर यह शेयर बीएसई पर 22.87 प्रतिशत की बढ़त के साथ ₹1,375 तक पहुंचा। ₹12.5 लाख करोड़ के बाजार पूंजीकरण के साथ इस कंपनी ने हुंडई मोटर इंडिया (₹27,859 करोड़), एनएसई (₹22,562 करोड़), एलआईसी (₹20,557 करोड़) और पेटीएम (₹18,300 करोड़) को पीछे छोड़ते हुए देश के सबसे बड़े पब्लिक इश्यू का रिकॉर्ड अपने नाम दर्ज कराया है।

    देश के सबसे बड़े आईपीओ में किस वर्ग का कितना दबदबा रहा?

    21 से 23 अक्टूबर के दौरान खुली इस बोली प्रक्रिया में जिओ प्लेटफॉर्म्स के ₹30,213 करोड़ के फ्रेश इश्यू को संस्थागत और खुदरा निवेशकों से रिकॉर्ड प्रतिक्रिया मिली। इश्यू के पहले ही दिन महज 100 मिनट के भीतर यह आईपीओ पूरी तरह सब्सक्राइब हो गया था।

    सब्सक्रिप्शन के प्रमुख आंकड़े इस प्रकार रहे:

    • ओवरऑल सब्सक्रिप्शन: 19.75 करोड़ शेयरों के ऑफर के मुकाबले 438.26 करोड़ शेयरों के लिए बोलियां मिलीं, जिससे यह इश्यू 22.19 गुना सब्सक्राइब हुआ।
    • बोलियों की कुल वैल्यू: सार्वजनिक निर्गम और एंकर इनवेस्टर प्लेसमेंट को मिलाकर कुल मांग ₹7.4 लाख करोड़ से अधिक रही तथा लगभग 1.39 करोड़ आवेदन प्राप्त हुए।
    • एंकर इनवेस्टर्स: कंपनी ने 19 अक्टूबर को 212 एंकर निवेशकों से ₹1,119 प्रति शेयर के भाव पर ₹8,110 करोड़ जुटाए थे।
    • श्रेणीवार सब्सक्रिप्शन: क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स (QIB) का हिस्सा 70.55 गुना, नॉन-इन्स्टिट्यूशनल इन्वेस्टर्स (NII) का हिस्सा 14 गुना और रिटेल इन्वेस्टर्स (RII) का हिस्सा 2.72 गुना भरा।

    कंपनी के वैल्यूएशन और वित्तीय नतीजों पर ब्रोकरेज हाउसों की क्या राय है?

    सूचीबद्धता के साथ ही वैश्विक और घरेलू ब्रोकरेज हाउसों ने जिओ प्लेटफॉर्म्स पर सकारात्मक आउटलुक दिया है:

    • नोमुरा: ‘बाय’ रेटिंग के साथ ₹1,340 का टारगेट प्राइस तय किया है। नोमुरा का मानना है कि 5जी के भारी पूंजीगत खर्च (Capex) का दौर अब समाप्त हो रहा है, जिससे कैपेक्स वित्त वर्ष 2025 के 35% से घटकर वित्त वर्ष 2026 में 23% रह जाएगा और कंपनी वित्त वर्ष 2029 तक पूरी तरह नेट डेट-फ्री हो सकती है।
    • मोतीलाल ओसवाल: ‘बाय’ रेटिंग देते हुए ₹1,350 का लक्ष्य रखा है। विश्लेषकों के अनुसार, बाजार में नेतृत्व क्षमता और टैरिफ अनुशासन के कारण कंपनी का कैश फ्लो मजबूत बना रहेगा।
    • एलारा सिक्योरिटीज: ‘बाय’ रेटिंग के साथ ₹1,367 का टारगेट प्राइस दिया है। एलारा का अनुमान है कि वित्त वर्ष 2026-29 के दौरान रेवेन्यू में 13% CAGR, एबिटडा में 16% CAGR और शुद्ध लाभ (PAT) में 23% CAGR की वृद्धि होगी।
    • स्वास्तिका इन्वेस्टमार्ट: ₹1,119 के इश्यू प्राइस पर जिओ का वित्त वर्ष 2026 P/E मल्टीपल 33.3x रहा, जो भारती एयरटेल के 40.71x से लगभग 18 प्रतिशत कम है।jio ipo listing 96989e179dca3cdb9794351fef3ac888
    • जियो के शेयरों की लिस्टिंग के दौरान क्या बोले आकाश व ईशा अंबानी?

      मुंबई में आयोजित जियो के शेयरों की बाजार में लिस्टिंग समारोह में रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी, नीता अंबानी, कोकिलाबेन अंबानी और परिवार के अन्य सदस्य मौजूद रहे। लिस्टिंग के दौरान मुकेश अंबानी अपने बच्चों-ईशा, आकाश और अनंत अंबानी- के संबोधनों को सुनते हुए काफी भावुक नजर आए। इस मौके पर कंपनी के प्रबंध निदेशक आकाश अंबानी ने अपनी बहन ईशा और भाई अनंत के साथ मिलकर जिओ प्लेटफॉर्म्स को विकास और उत्कृष्टता के नए आयामों तक पहुंचाने का औपचारिक संकल्प लिया।

      जियो प्लेटफॉर्म्स के लिस्टिंग समारोह में रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी ने अपने पूरे परिवार के साथ शिरकत की। समारोह के दौरान जब उनकी अगली पीढ़ी-अनंत और ईशा अंबानीने मंच से शेयरधारकों और देशवासियों को संबोधित किया, तो मुकेश अंबानी काफी भावुक दिखे। मुकेश अंबानी और नीता अंबानी के साथ उनकी माता कोकिलाबेन अंबानी भी इस ऐतिहासिक क्षण की गवाह बनीं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img
- Advertisement -spot_img

Latest

- Advertisement -spot_img
- Advertisement -

More articles

- Advertisement -
- Advertisement -