लक्ष्मीकान्त पाठक।वेबवार्ता
हरदोई। बीआरसी कछौना पर शनिवार को दर्जनों शिक्षकों ने खंड शिक्षा अधिकारी ब्रजेश त्रिपाठी की कार्यप्रणाली से नाराज होकर विरोध प्रदर्शन किया। शिक्षकों ने विभिन्न लंबित समस्याओं का निर्धारित समय में समाधान कराने की मांग करते हुए चेतावनी दी कि यदि एक सप्ताह के भीतर समस्याओं का निस्तारण नहीं हुआ तो बड़ा आंदोलन किया जाएगा।
प्राथमिक शिक्षक संघ के ब्लॉक अध्यक्ष सत्यधार ने बताया कि प्राथमिक एवं जूनियर विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों को चयन वेतनमान का लाभ दिलाने के लिए जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी द्वारा चार अप्रैल को आदेश जारी किए जाने के बावजूद आख्या लेखा विभाग को नहीं भेजी गई। इसके अलावा 72825 प्रथम एवं द्वितीय बैच के हाउस अलाउंस के वेतन बिल में संशोधन संबंधी रिपोर्ट भी नहीं भेजे जाने से शिक्षकों का वेतन प्रभावित हो रहा है।
शिक्षकों का आरोप है कि चिकित्सीय अवकाश एवं सीसीएल अवकाश का भी समय से निस्तारण नहीं किया जाता। इन समस्याओं को लेकर शिक्षक संगठन ने विरोध प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन के दौरान ब्लॉक अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि बीआरसी पर तैनात बाबू मित्र सेन के अधिकारों का अनधिकृत रूप से प्रयोग करते हुए खंड शिक्षा अधिकारी द्वारा जनवरी माह से उनकी आईडी और पासवर्ड का इस्तेमाल किया जा रहा है, जिससे शिक्षकों से संबंधित समस्याओं के निस्तारण में विलंब हो रहा है।
वहीं, खंड शिक्षा अधिकारी ब्रजेश त्रिपाठी ने आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि प्रदर्शन करने वाले कुछ शिक्षक अपने कर्तव्यों के प्रति सचेत नहीं हैं और समय से विद्यालय नहीं पहुंचते। उनके विरुद्ध कार्रवाई की बात कहे जाने से नाराज होकर उनके द्वारा प्रदर्शन किया जा रहा है।
प्रदर्शन में अतुल प्रेमी, पीएन कनौजिया, अटेवा अध्यक्ष आशीष, जीतेन्द्र कुमार, अनिल सिंह, ऋतुराज मिश्रा, दीपक दीक्षित, सत्य प्रकाश, अभिषेक सिंह, माधुरी पटेल, महक जहां, श्वेता, डॉली सिंह, योगेश तिवारी, सतीश यादव, श्रवण कुमार कनौजिया, राजेश कुमार, सौरभ सिंह, धर्मेंद्र, अमित समेत दर्जनों शिक्षक मौजूद रहे।




