लक्ष्मीकान्त पाठक
हरदोई (वेबवार्ता)। पारिवारिक कलह ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। पाली थाना क्षेत्र के कछेलिया गांव में शनिवार देर शाम पति ने कथित तौर पर चाकू से हमला कर पत्नी की हत्या कर दी। वारदात के कुछ समय बाद पति ने भी घर के कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। एक ही परिवार में पति-पत्नी की मौत से गांव में हड़कंप मच गया। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मचा है।जानकारी के अनुसार, कछेलिया गांव निवासी लालपूत राठौर पुत्र छुट्टा का शनिवार शाम किसी बात को लेकर पत्नी से विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद ने गंभीर रूप ले लिया। आरोप है कि लालपूत ने पत्नी के पेट पर चाकू से वार कर दिया। हमले में गंभीर रूप से घायल पत्नी की मौत हो गई।
पत्नी की मौत के बाद घर में अफरा-तफरी मच गई। इसी बीच लालपूत ने भी घर के एक कमरे में फांसी लगाकर जान दे दी। घटना की जानकारी फैलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर जुट गए। देखते ही देखते गांव में मातम और सन्नाटा पसर गया।सूचना पर पहुंची पाली थाना पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी। प्रारंभिक तौर पर घटना की वजह पारिवारिक विवाद बताई जा रही है। हालांकि, विवाद के वास्तविक कारणों और पूरे घटनाक्रम का पता लगाने के लिए पुलिस जांच कर रही है।




