राज्यउत्तर प्रदेशहरदोई में ‘दृष्टि’ की बैठक में रामपाल वर्मा...

हरदोई में ‘दृष्टि’ की बैठक में रामपाल वर्मा की दो टूक—शिकायतों का खेल नहीं, जनता को चाहिए समाधान

विधायक रामपाल वर्मा ने अधिकारियों को चेताया—एक ही शिकायत के लिए बार-बार कार्यालय न आए फरियादी, निर्माण कार्यों में गुणवत्ता से समझौता नहीं

लक्ष्मीकान्त पाठक

हरदोई 18 सितम्बर (वेबवार्ता) विकास योजनाओं का लाभ कागजों तक सीमित न रहे, बल्कि पात्र लाभार्थियों तक उसकी वास्तविक पहुंच सुनिश्चित हो—इसी मंशा के साथ शुक्रवार को विकास भवन स्थित स्वर्ण जयंती सभागार में जिला स्तरीय विकास कार्य अनुश्रवण समिति (दृष्टि) की बैठक हुई। बैठक की अध्यक्षता बालामऊ विधायक एवं समिति अध्यक्ष रामपाल वर्मा ने की। सवायजपुर विधायक माधवेन्द्र प्रताप सिंह रानू की गरिमामयी उपस्थिति में विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यक्रमों की प्रगति की गहन समीक्षा की गई।
अध्यक्ष रामपाल वर्मा ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि लाभार्थीपरक योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन प्राथमिकता के साथ सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं की जानकारी अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचे, इसके लिए व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए। होर्डिंग, वॉल पेंटिंग, पंपलेट और जागरूकता गोष्ठियों जैसे माध्यमों का प्रभावी इस्तेमाल कर ग्रामीण और आमजन को योजनाओं की जानकारी दी जाए।
उन्होंने रोजगार, श्रम, कृषि और उद्यान समेत संबंधित विभागों के अधिकारियों को विकासखंड स्तर पर गोष्ठियां आयोजित कर लोगों को योजनाओं की जानकारी देने तथा मौके पर आवेदन प्राप्त कर पात्र लोगों को लाभान्वित करने के निर्देश दिए। कन्या सुमंगला योजना के व्यापक प्रचार-प्रसार पर भी विशेष जोर दिया गया।

निर्माण कार्यों में गुणवत्ता से समझौता नहीं

बैठक में विकास कार्यों की गुणवत्ता को लेकर भी अध्यक्ष ने अधिकारियों को स्पष्ट दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी निर्माण कार्य की जानकारी संबंधित जनप्रतिनिधियों को अनिवार्य रूप से दी जाए। निर्माण कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण ढंग से और तय समयसीमा में पूरे कराए जाएं।
जनता की शिकायतों के निस्तारण को लेकर रामपाल वर्मा ने अधिकारियों को विशेष रूप से निर्देशित किया कि सिर्फ शिकायत का निस्तारण दर्ज कर देना पर्याप्त नहीं, बल्कि निस्तारण की गुणवत्ता भी सुनिश्चित होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि किसी फरियादी को एक ही समस्या के लिए बार-बार शिकायत लेकर कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।

स्वास्थ्य योजनाओं पर भी निगरानी

बैठक में मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना के तहत पात्रों से समयबद्ध तरीके से आवेदन कराने तथा आयुष्मान योजना के अंतर्गत सभी पात्र व्यक्तियों के गोल्डन कार्ड शीघ्र जारी कराने के निर्देश दिए गए।
इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी नेहा ब्याडवाल, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट संस्कृति त्रिवेदी, परियोजना निदेशक अशोक कुमार मौर्य समेत संबंधित विभागों के अधिकारी, ब्लॉक प्रमुख और जनप्रतिनिधिगण मौजूद रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img
- Advertisement -spot_img

Latest

- Advertisement -spot_img
- Advertisement -

More articles

- Advertisement -
- Advertisement -