गोंडा में सरयू किनारे चिता बनाते युवक को मगरमच्छ खींच ले गया, दूसरे दिन भी तलाश जारी

गोंडा, 21 मई (वेब वार्ता)। उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले में सरयू नदी किनारे अंतिम संस्कार के दौरान एक दर्दनाक हादसा हो गया। चिता तैयार कर रहे एक युवक को अचानक मगरमच्छ ने हमला कर नदी में खींच लिया। घटना के बाद इलाके में दहशत फैल गई, जबकि दूसरे दिन भी युवक की तलाश में सर्च अभियान जारी रहा।

जानकारी के अनुसार डीहा गांव निवासी बाबूलाल वर्मा की बहू उर्मिला के अंतिम संस्कार के लिए परिवार के लोग बुधवार को सरयू नदी किनारे सोनौली मोहम्मदपुर स्थित उदयभान पाही घाट पहुंचे थे। उर्मिला के दामाद दीपक, जो ग्रेटर नोएडा के निवासी बताए गए हैं, अपनी पत्नी रेखा और चार वर्षीय बेटी के साथ गोंडा आए थे।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक दोपहर करीब 12 बजे दीपक चिता तैयार करने में जुटे थे। वह नदी किनारे खूंटा गाड़ने के बाद बैठे ही थे कि अचानक मगरमच्छ ने उन पर हमला कर दिया। देखते ही देखते मगरमच्छ ने युवक को अपने जबड़े में दबोच लिया और गहरे पानी की ओर खींच ले गया।

घाट पर मौजूद लोगों ने शोर मचाते हुए दीपक को बचाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक मगरमच्छ उसे नदी के भीतर ले जा चुका था। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।

बृहस्पतिवार सुबह एसडीआरएफ की टीम ने स्थानीय गोताखोरों और पुलिस की मदद से नदी में सर्च अभियान शुरू किया। कई किलोमीटर तक नावों और जाल की सहायता से तलाश की गई, लेकिन समाचार लिखे जाने तक युवक का कोई सुराग नहीं मिल सका।

प्रशासन ने नदी किनारे रहने वाले लोगों और अंतिम संस्कार के लिए आने वाले नागरिकों को सतर्क रहने की सलाह दी है। अधिकारियों का कहना है कि खोज अभियान लगातार जारी रहेगा और हर संभव प्रयास किया जा रहा है ताकि युवक का पता लगाया जा सके।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img
- Advertisement -spot_img

Latest

- Advertisement -spot_img
- Advertisement -

More articles

- Advertisement -
- Advertisement -