हरदोई। गंगा एक्सप्रेसवे पर गुरुवार सुबह यात्रियों से भरी एक बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। हादसे में बस सवार करीब 10 यात्रियों के घायल होने की जानकारी सामने आई है। दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया।
जानकारी के अनुसार बस लुधियाना से उन्नाव जिले के बांगरमऊ जा रही थी। बस में करीब 60 यात्री सवार बताए जा रहे हैं। गुरुवार सुबह करीब 10:30 बजे गंगा एक्सप्रेसवे पर किलोमीटर संख्या 286 के पास अचानक बस अनियंत्रित हो गई। देखते ही देखते बस सड़क किनारे पलट गई। हादसा होते ही बस में सवार यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई और कई यात्री बस के अंदर फंस गए।
घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिसकर्मियों ने स्थानीय लोगों की मदद से बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला और उन्हें सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। हादसे में घायल यात्रियों को एंबुलेंस की सहायता से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सवायजपुर भेजा गया, जहां चिकित्सकों द्वारा उनका उपचार किया जा रहा है। फिलहाल घायलों की स्थिति के संबंध में विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।
हादसे के बाद बस का चालक और परिचालक मौके से फरार बताए जा रहे हैं। पुलिस उनकी तलाश में जुटी है। प्रारंभिक जांच में बस के अनियंत्रित होकर पलटने की बात सामने आई है, हालांकि बस किस वजह से अनियंत्रित हुई, इसका अभी स्पष्ट पता नहीं चल सका है।
पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर हादसे से जुड़े साक्ष्य जुटाए हैं। साथ ही दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि बस की रफ्तार कितनी थी और हादसे के समय चालक का नियंत्रण किस वजह से बिगड़ा। हादसे के बाद एक्सप्रेसवे पर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा।
पुलिस की ओर से यात्रियों से घटना के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है। दुर्घटना के कारणों की जांच पूरी होने के बाद ही हादसे की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।
हरदोई मे गंगा एक्सप्रेसवे पर यात्रियों से भरी बस पलटी, 10 घायल; हादसे के बाद चालक-परिचालक फरार

- Advertisement -



