एसडीएम सदर गुलाब चन्द्र का मंडी में औचक निरीक्षण, 27 केंद्रों पर अब तक महज 241.60 कुंतल धान की खरीद
लक्ष्मीकान्त पाठक
हरदोई (वेबवार्ता)। धान खरीद में सुस्ती बरतने वाले केंद्र प्रभारियों पर प्रशासन ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। जिलाधिकारी राहुल पाण्डेय के आदेश और अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) राजेंद्र कुमार के निर्देश पर शनिवार सुबह उपजिलाधिकारी सदर गुलाब चन्द्र ने हरदोई मंडी स्थित धान खरीद केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान खरीद की धीमी प्रगति पर केंद्र प्रभारियों को कड़ी चेतावनी देते हुए तत्काल खरीद में तेजी लाने के निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान एसडीएम सदर ने केंद्र प्रभारियों से धान खरीद की स्थिति की जानकारी ली। हरदोई मंडी में धान खरीद के लिए विभिन्न एजेंसियों के कुल 27 केंद्र स्थापित किए गए हैं। इनमें विपणन विभाग के 10, मंडी समिति के छह, यूपीएसएस के चार, पीसीएफ के दो और पीसीयू के पांच केंद्र शामिल हैं। उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक, इन सभी केंद्रों पर अब तक कुल 241.60 कुंतल धान की खरीद हुई है।
खरीद शुरू नहीं की तो होगी कार्रवाई
उपजिलाधिकारी सदर गुलाब चन्द्र ने सभी केंद्र प्रभारियों को निर्देश दिया कि वे तत्काल किसानों से संपर्क स्थापित कर धान खरीद में तेजी लाएं। जिन केंद्रों पर अभी तक खरीद शुरू नहीं हुई है, उन्हें शनिवार को हर हाल में खरीद प्रारंभ करने के निर्देश दिए गए।
एसडीएम ने स्पष्ट चेतावनी दी कि निर्देशों के बावजूद खरीद शुरू नहीं करने वाले केंद्र प्रभारियों का वेतन रोका जा सकता है। ऐसे अधिकारियों और कर्मचारियों के विरुद्ध कार्रवाई के लिए जिलाधिकारी को रिपोर्ट भी भेजी जाएगी।
प्रशासन की इस सख्ती का उद्देश्य धान खरीद व्यवस्था को गति देना और किसानों की उपज की समय से खरीद सुनिश्चित करना है। अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि वे खरीद केंद्रों पर सक्रियता बढ़ाएं, किसानों से लगातार संपर्क बनाए रखें और शासन की निर्धारित व्यवस्था के अनुरूप खरीद प्रक्रिया संचालित करें।




