अंतर्राष्ट्रीयभारतीय मूल के अमीश शाह और ट्रंप के...

भारतीय मूल के अमीश शाह और ट्रंप के करीबी दोस्त जे फीली आमने-सामने, एरिजोना की अहम सीट पर कड़ा मुकाबला

वाशिंगटन, 24 अक्टूबर (वेब वार्ता)। भारतीय मूल के डेमोक्रेट नेता अमीश शाह एरिजोना की एक अहम कांग्रेस सीट पर चुनाव लड़ रहे हैं। उनके मुकाबले रिपब्लिकन उम्मीदवार जे फीली हैं, जो कई दशकों से अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के दोस्त और गोल्फ पार्टनर रहे हैं। चुनाव के अंतिम चरण में ट्रंप और उनके सहयोगी फीली के समर्थन में जोरदार अभियान चला रहे हैं।

शुक्रवार को प्रकाशित एक रिपोर्ट में ‘पॉलिटिको’ ने लिखा कि राष्ट्रपति ट्रंप और उनके सहयोगी एरिजोना के इस महत्वपूर्ण जिले में अपने पुराने दोस्त को जीत दिलाने के लिए आखिरी समय में पूरी ताकत लगा रहे हैं।

रिपोर्ट में ट्रंप के दो करीबी अधिकारियों के हवाले से बताया गया है कि राष्ट्रपति ट्रंप पूर्व एनएफएल किकर जे फीली को कई वर्षों से जानते हैं। दोनों के बीच दोस्ती पुरानी है और वे साथ में गोल्फ भी खेलते रहे हैं। ट्रंप फीली को एक मजबूत उम्मीदवार मानते हैं। रिपोर्ट में यह भी कहा गया कि रिपब्लिकन समूह फीली के समर्थन में 2.2 करोड़ डॉलर से अधिक खर्च कर चुके हैं जिसमें से बड़ा हिस्सा चुनाव के आखिरी हफ्तों में खर्च किया गया।

‘एक्सिओस’ की रिपोर्ट के मुताबिक, अमीश शाह पेशे से इमरजेंसी रूम के डॉक्टर हैं और एरिजोना विधानसभा के पूर्व सदस्य भी रह चुके हैं। एक्सियोस की रिपोर्ट के मुताबिक, 2024 में इसी जिले में वह रिपब्लिकन उम्मीदवार डेविड श्वाइकर्ट से 3.8 प्रतिशत अंकों के अंतर से हार गए थे। इस जिले में स्कॉट्सडेल, उत्तर-पूर्वी फीनिक्स के कुछ हिस्से, फाउंटेन हिल्स और केव क्रीक शामिल हैं।

‘एक्सिओस’ के अनुसार, जे फीली, जो लंबे समय से गिल्बर्ट के निवासी हैं, पहले 5वें जिले से चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे थे। लेकिन ट्रंप के कहने पर उन्होंने सीडी-1 (पहले जिले) से चुनाव लड़ने का फैसला किया।

हाल ही में हुए एक ‘क्लीन इलेक्शंस’ बहस कार्यक्रम में दोनों उम्मीदवारों के बीच डेटा सेंटरों को लेकर तीखी बहस हुई। अमीश शाह ने कहा, “जब मैं मतदाताओं से बात करता हूं तो वे साफ तौर पर कहते हैं कि वे सीडी-1 जिले में नए डेटा सेंटर नहीं चाहते।”

वहीं, जे फीली ने तर्क दिया कि डेटा सेंटर राज्य की अर्थव्यवस्था के लिए फायदेमंद हैं। उन्होंने कहा, “डेटा सेंटर एरिजोना राज्य को लगभग एक अरब डॉलर का राजस्व देते हैं। इससे शिक्षकों के वेतन बढ़ाने जैसे काम किए जा सकते हैं।”

फीली ने शाह पर अपना रुख बदलने का आरोप भी लगाया। उन्होंने कहा, “यह थोड़ा विरोधाभासी है कि आप आज मतदाताओं के सामने डेटा सेंटरों के खिलाफ बात कर रहे हैं, जबकि जब आप पद पर थे तब इन्हें लाने के लिए टैक्स छूट के पक्ष में वोट दिया था।”

इस पर शाह ने जवाब दिया कि उस समय कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) और उसकी बढ़ती बिजली जरूरतें इतना बड़ा मुद्दा नहीं थीं। उन्होंने कहा, “लेकिन जब हालात बदलते हैं और बड़ी संख्या में नई परियोजनाएं आने लगती हैं, साथ ही बिजली की खपत दोगुनी होने की संभावना दिखती है, तब उपभोक्ताओं पर पड़ने वाले असर के बारे में भी सोचना पड़ता है।”

हालांकि इस जिले में पंजीकृत रिपब्लिकन मतदाताओं की संख्या अधिक है, फिर भी चुनाव विश्लेषक इस मुकाबले को डेमोक्रेट्स के लिए थोड़ा अनुकूल मान रहे हैं।

एक्सियोस के मुताबिक, कुक पॉलिटिकल रिपोर्ट ने इस सीट को ‘लीन डेमोक्रेटिक’ और इनसाइड इलेक्शंस ने ‘टिल्ट डेमोक्रेटिक’ श्रेणी में रखा है। पंजीकृत मतदाताओं में रिपब्लिकन 38 प्रतिशत हैं, जबकि 35 प्रतिशत निर्दलीय या अन्य दलों के हैं और 26 प्रतिशत से अधिक डेमोक्रेट हैं।

पोलस्टर मार्कस डेल’आर्टिनो ने एरिजोना कैपिटल टाइम्स से कहा, “अगर स्वतंत्र मतदाता बड़ी संख्या में वोट डालने आते हैं, तो इसका फायदा अमीश शाह को मिलेगा। अगर वे कम संख्या में निकलते हैं, तो जे फीली को फायदा होगा।”

फेडरल दस्तावेजों के अनुसार, दोनों उम्मीदवारों के समर्थन और विरोध में बाहरी संगठनों द्वारा भारी खर्च किया गया है। एमएजीए इंक. समर्थित सेफ्टी एंड अफॉर्डेबिलिटी पीएसी ने शाह के खिलाफ 57.2 लाख डॉलर खर्च किए हैं, जबकि हाउस मेजॉरिटी पीएसी ने फीली के खिलाफ 44.1 लाख डॉलर खर्च किए हैं।

एरिजोना में डाक के जरिए अग्रिम मतदान (अर्ली बैलेट) मंगाने की अंतिम तारीख 23 अक्टूबर थी। आम चुनाव 3 नवंबर को होगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img
- Advertisement -spot_img

Latest

- Advertisement -spot_img
- Advertisement -

More articles

- Advertisement -
- Advertisement -