राज्यहरियाणाचार वर्षीय बच्ची के कथित यौन उत्पीड़न मामले...

चार वर्षीय बच्ची के कथित यौन उत्पीड़न मामले में पंचायत ने पुलिस को दिया दो दिन का समय

रोहतक, 20 सितंबर (वेब वार्ता)। लाखनमाजरा खंड के एक निजी स्कूल के शौचालय में चार वर्षीय बच्ची के कथित यौन उत्पीड़न के मामले में कार्रवाई की मांग को लेकर शनिवार सुबह गांव में पंचायत हुई। पंचायत में बच्ची के परिजनों ने पुलिस को जांच के लिए दो दिन का समय दिया। सोमवार को परिवार और पंचायत के सदस्य दोबारा बैठक कर मामले की स्थिति पर चर्चा करेंगे।

इधर, शनिवार को बाल कल्याण समिति की देखरेख में बच्ची की विशेषज्ञ से काउंसलिंग कराई जाएगी। बच्ची की काउंसलिंग के बाद ही जांच आगे बढ़ाने की प्रक्रिया को गति मिलने की संभावना है।

एसआईटी ने परिवार से की बातचीत

बच्ची के पिता के अनुसार, शुक्रवार रात करीब 11 बजे विशेष जांच दल (एसआईटी) गांव पहुंचा और परिवार से बातचीत की। पुलिस निरीक्षक ने परिजनों को अब तक की जांच से अवगत कराया। पुलिस ने बताया कि स्कूल के सीसीटीवी फुटेज कब्जे में ले लिए गए हैं और मामले की गहनता से जांच की जा रही है।

पुलिस के अनुसार, किसी संदिग्ध को हिरासत में लेकर पूछताछ करने से पहले बच्ची की काउंसलिंग कराना आवश्यक है। इसी वजह से जांच टीम ने समय मांगा है। शनिवार सुबह करीब नौ बजे हुई पंचायत में जिम्मेदार ग्रामीणों के साथ बच्ची के परिवार के अधिकांश सदस्य शामिल हुए। पंचायत में पुलिस को सोमवार तक का समय देने का निर्णय लिया गया।

चिकित्सकों ने पुरानी चोट की भी जताई आशंका, मेडिकल रिपोर्ट का इंतजार

बच्ची के पिता का कहना है कि चिकित्सकों ने बच्ची के निजी अंगों पर पुरानी चोट होने की संभावना के बारे में बताया है। हालांकि, उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि अभी तक इस संबंध में कोई अंतिम निष्कर्ष सामने नहीं आया है।

परिजनों को आशंका है कि यदि बच्ची के साथ पहले भी कोई गलत घटना हुई है, तो 14 या 15 सितंबर को स्कूल में भी उसके साथ कथित तौर पर दुर्व्यवहार हुआ हो सकता है। पिता के अनुसार, बच्ची बार-बार स्कूल के शौचालय का जिक्र कर रही है। मामले में मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति अधिक स्पष्ट हो सकेगी।

16 सितंबर को दर्ज कराई गई थी एफआईआर

बच्ची की मां ने 16 सितंबर को लाखनमाजरा थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के अनुसार, उनकी चार वर्षीय बेटी निजी स्कूल में एलकेजी कक्षा में पढ़ती है। 15 सितंबर को घर लौटने के बाद बच्ची ने कथित तौर पर बताया कि स्कूल में एक छात्र उसे शौचालय में ले गया और उसके मुंह पर टेप लगाकर उसके साथ गलत काम किया।

पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया है। आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर उप पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में एसआईटी गठित की गई है। हालांकि, घटना के चार दिन बाद भी आरोपी का पता नहीं चल सका है। मामले की जांच जारी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img
- Advertisement -spot_img

Latest

- Advertisement -spot_img
- Advertisement -

More articles

- Advertisement -
- Advertisement -