spot_img

रियल एस्टेट देश की आर्थिक मजबूती का आधार, देश की ताकत : मनोहर लाल

नई दिल्ली, (वेब वार्ता)। केंद्रीय ऊर्जा एवं शहरी विकास मंत्री मनोहर लाल ने शुक्रवार को 17वें एनएएआर इंडिया वार्षिक सम्मेलन ‘नार्विगेट 2025’ कार्यक्रम को संबोधित किया। इस दौरान केंद्रीय मंत्री ने रियल एस्टेट इंडस्ट्री की महत्ता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि रियल एस्टेट एक ऐसा उद्योग है, जिसकी देश की आर्थिक स्थिति में बहुत बड़ी भूमिका है। हमारा सपना एक ‘विकसित भारत’ है, इसके लिए जरूरी है कि हम अपने उद्योगों को मजबूत करें।

मनोहर लाल ने कहा कि रियल एस्टेट इंडस्ट्री न केवल शहरों में, बल्कि गांवों और कस्बों में भी अनेक रूपों में फैली हुई है। इसके द्वारा लाखों लोगों को रोजगार मिल रहा है और यह उद्योग भारत की आर्थिक मजबूती का एक अहम हिस्सा बन चुका है। उन्होंने विशेष रूप से इस बात पर ध्यान केंद्रित किया कि जिन लोगों के पास अपना घर नहीं है, अगर उन्हें घर मिल जाए, तो उनकी खुशी का कोई ठिकाना नहीं होता।

मनोहर लाल ने कहा कि भारत में विभिन्न तकनीकों का इस्तेमाल कर हम इस इंडस्ट्री को और भी प्रभावी बना सकते हैं। रियल एस्टेट उद्योग के लिए यह समय बहुत महत्वपूर्ण है और हमें इसे और आगे बढ़ाने की आवश्यकता है। किसानों से लेकर आम आदमी तक इस उद्योग के प्रभाव का उल्लेख करते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा कि यह उद्योग हर वर्ग के लिए अहम है। विशेषकर उन लोगों के लिए, जो झुग्गी-झोपड़ी में रहते हैं। मुख्यमंत्री ने इस बात की आवश्यकता जताई कि हमें एक रेंटल हाउसिंग स्कीम के तहत मकान बनवाने चाहिए, ताकि हर वर्ग के लोगों को बेहतर आशियाना मिल सके। उन्होंने कहा कि जब एक व्यक्ति के पास अपना घर होता है, तो उसकी खुशियों का कोई अंदाजा नहीं लगाया जा सकता।

इसके साथ ही, मुख्यमंत्री ने बढ़ते शहरीकरण को देखते हुए ‘इन-सीटू डेवलपमेंट’ (स्थानीय विकास) की महत्वपूर्ण भूमिका पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में यह विकास मॉडल बेहद अहम साबित होगा, क्योंकि यह शहरीकरण और विकास की दिशा में एक स्थिर और संतुलित तरीका प्रदान करेगा। मनोहर लाल ने आगे कहा कि रियल एस्टेट सेक्टर में नवाचार और टेक्नोलॉजी का उपयोग बहुत जरूरी है, ताकि हम तेजी से बढ़ते हुए शहरीकरण की चुनौतियों का सामना कर सकें और लोगों को अच्छे और सस्ते घर उपलब्ध करवा सकें।

इससे पहले, केंद्रीय मंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में लिखा, “आज 17वें एनएएआर इंडिया वार्षिक सम्मेलन, नार्विगेट 2025 को संबोधित किया। रियल एस्टेट क्षेत्र समुदायों को आकार देने, आर्थिक विकास को गति देने और राष्ट्र के मजबूत भविष्य के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के दृष्टिकोण से प्रेरित होकर, रियल एस्टेट क्षेत्र की इस यात्रा में महत्वपूर्ण भूमिका है। वैश्विक प्रौद्योगिकियों को अपनाना और नवाचार को बढ़ावा देना उद्योग को आगे बढ़ाएगा!”

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

spot_img
- Advertisement -spot_img
- Advertisement -spot_img
- Advertisement -

Latest

More articles