विक्टोरिया हॉल में जुटेंगे विभिन्न विभागों के स्टाल, जरूरतमंदों को मिलेगी निःशुल्क विधिक सहायता
लक्ष्मीकान्त पाठक
हरदोई (वेबवार्ता)। सरकारी जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने और आमजन को सुलभ न्याय उपलब्ध कराने के उद्देश्य से एक नवंबर को हरदोई के विक्टोरिया हॉल में मेगा विधिक सहायता एवं सेवा शिविर का आयोजन किया जाएगा। शिविर में विभिन्न विभागों की ओर से स्टाल लगाकर लोगों को योजनाओं की जानकारी देने के साथ ही लाभ प्राप्त करने के लिए आवश्यक मार्गदर्शन और सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
सिविल जज सीनियर डिवीजन एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की प्रभारी सचिव स्मिता गोस्वामी ने बताया कि शिविर का मुख्य उद्देश्य अधिक से अधिक जरूरतमंद परिवारों को सरकारी योजनाओं से जोड़कर उन्हें लाभान्वित करना है। इसके साथ ही आमजन को निःशुल्क विधिक सहायता और न्यायिक प्रक्रियाओं से संबंधित जानकारी भी उपलब्ध कराई जाएगी।
उन्होंने बताया कि शिविर में निःशुल्क विधिक सहायता, लोक अदालत से संबंधित जानकारी, विभिन्न प्रमाण-पत्र बनवाने के लिए मार्गदर्शन तथा सरकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त करने के लिए आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध रहेंगी। इससे पात्र लोगों को विभिन्न विभागों की योजनाओं और सेवाओं की जानकारी एक ही स्थान पर मिल सकेगी।
कई विभागों के लगेंगे स्टाल
मेगा शिविर में राजस्व, श्रम, पंचायतीराज, विकास, आवास एवं नगर विकास, डूडा, आईटीआई, पुलिस, कृषि, बैंकिंग, युवा कल्याण, समाज कल्याण, कौशल विकास, स्वास्थ्य, दिव्यांगजन सशक्तीकरण, शिक्षा, पशुपालन, पिछड़ा वर्ग कल्याण, महिला एवं बाल कल्याण तथा खाद्य एवं रसद विभाग सहित विभिन्न विभागों के स्टाल लगाए जाएंगे।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से आमजन से शिविर में पहुंचकर उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी लेने और पात्रता के अनुसार सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की गई है।




