राज्यउत्तर प्रदेशहरदोई मंडी में धान खरीद केंद्रों पर एसडीएम...

हरदोई मंडी में धान खरीद केंद्रों पर एसडीएम का छापा, केंद्र प्रभारियों को सख्त चेतावनी

27 केंद्रों पर धान खरीद में तेजी लाने के निर्देश, किसानों की उपज खरीदने में लापरवाही पर होगी कार्रवाई

लक्ष्मीकान्त पाठक

हरदोई (वेबवार्ता)। हरदोई मंडी में धान खरीद की सुस्त रफ्तार और किसानों की परेशानी को देखते हुए प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। जिलाधिकारी राहुल पाण्डेय के आदेश और अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) राजेंद्र कुमार के निर्देश पर मंगलवार को उपजिलाधिकारी सदर गुलाब चन्द्र ने मंडी स्थित धान खरीद केंद्रों पर अचानक छापा मारा। निरीक्षण के दौरान खरीद केंद्रों पर अफरा-तफरी का माहौल रहा। एसडीएम ने सभी केंद्र प्रभारियों को तत्काल खरीद में तेजी लाने और मंडी में मौजूद किसानों का धान हर हाल में खरीदने के निर्देश दिए।
मंगलवार अपराह्न चार बजे हुए औचक निरीक्षण के दौरान मंडी में बड़ी संख्या में किसान अपनी उपज बेचने के लिए मौजूद मिले। कई किसान रात से ही सरकारी खरीद के इंतजार में कतार में लगे थे। किसानों की कतार तहसील सदर के गेट तक पहुंच गई थी। स्थिति को देखते हुए नगर मजिस्ट्रेट संजय कुमार, कोतवाली पुलिस और क्षेत्राधिकारी नगर के सहयोग से किसानों के वाहनों को मंडी स्थित धान खरीद केंद्रों तक पहुंचाने की व्यवस्था की गई। पुलिस की मौजूदगी में एसडीएम के निरीक्षण से खरीद की प्रतीक्षा कर रहे किसानों को राहत मिली।
हरदोई मंडी में स्थापित हैं 27 धान खरीद केंद्र
हरदोई मंडी में धान खरीद के लिए कुल 27 केंद्र स्थापित किए गए हैं। इनमें विपणन विभाग के 10, मंडी समिति के छह, यूपीएसएस के चार, पीसीएफ के दो और पीसीयू के पांच केंद्र शामिल हैं। प्रशासन के अनुसार, मंगलवार को लगभग 601.90 क्विंटल धान की खरीद हुई। इसके बावजूद करीब 30 से 40 किसान अपनी उपज बेचने के लिए मंडी में मौजूद थे।
आज ही खरीद पूरी करने का निर्देश
उपजिलाधिकारी सदर गुलाब चन्द्र ने सभी 27 केंद्र प्रभारियों को तत्काल किसानों से संपर्क कर धान खरीद में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अधिकांश केंद्रों पर खरीद शुरू हो चुकी है, जबकि जिन केंद्रों पर अभी खरीद शुरू नहीं हुई है, वहां हर हाल में मंगलवार को ही खरीद प्रारंभ की जाए। मंडी में मौजूद किसानों के धान की खरीद पूरी करने के भी निर्देश दिए गए।
एसडीएम ने स्पष्ट चेतावनी दी कि धान खरीद में लापरवाही या अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। निर्देशों का पालन नहीं करने वाले केंद्र प्रभारियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई के लिए जिलाधिकारी को रिपोर्ट भेजी जाएगी।
निरीक्षण के दौरान क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी पवन गंगवार, मंडी समिति के सचिव मलखान सिंह सहित विभिन्न धान खरीद केंद्रों के प्रभारी उपस्थित रहे। प्रशासन ने सभी केंद्र प्रभारियों को किसानों की उपज प्राथमिकता के आधार पर खरीदने और खरीद प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img
- Advertisement -spot_img

Latest

- Advertisement -spot_img
- Advertisement -

More articles

- Advertisement -
- Advertisement -