जनरल द्विवेदी ने की भारतीय राजदूत से मुलाकात, फ्रांस से संबंधों को लेकर हुई बात

नई दिल्ली, (वेब वार्ता)। भारतीय सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी फ्रांस की आधिकारिक यात्रा पर हैं। 24 फरवरी से प्रारंभ उनकी यह यात्रा 27 फरवरी तक चलेगी। इस दौरान भारत और फ्रांस कई सैन्य मुद्दों पर महत्वपूर्ण चर्चा करेंगे। इन दिनों भारत का ‘पिनाका’ रॉकेट सिस्टम फ्रांस में चर्चा का विषय है। सेनाध्यक्ष की यह विजिट प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सफल पेरिस दौरे के बाद हो रही है।

फ्रांस में सोमवार को जनरल द्विवेदी ने भारत के राजदूत संजीव सिंगला के साथ भारतीय दूतावास में बातचीत की। यह चर्चा भारत-फ्रांस संबंधों को मजबूत करने, उभरते भू-रणनीतिक परिदृश्य और द्विपक्षीय संबंधों को आगे बढ़ाने के रास्तों पर केंद्रित रही। भारतीय राजदूत ने पेरिस में जनरल उपेंद्र द्विवेदी का स्वागत किया। इसी माह हुई अपनी पेरिस यात्रा के दौरान पीएम मोदी ने फ्रांस से भारत के मल्टी-बैरल रॉकेट लॉन्चर सिस्टम ‘पिनाका’ के इस्तेमाल का आह्वान किया था।

पिनाका की शक्ति और मारक क्षमता को अब यूरोप और पश्चिम के देश काफी महत्व दे रहे हैं। आर्मेनिया को किए जा रहे डिफेंस एक्सपोर्ट के उपरांत फ्रांस भी पिनाका की खरीद की तैयारी कर सकता है। बीते वर्ष नवंबर में भारत आए फ्रांसीसी सेना के ब्रिगेडियर स्तर के अधिकारी ने भी कहा था कि पिनाका सिस्टम का आकलन चल रहा है। जहां भारत एक ओर अपनी इस युद्ध हथियार प्रणाली के निर्यात को तैयार है, वहीं दूसरी ओर फ्रांस की सेना के पास इस तरह का कोई रॉकेट सिस्टम नहीं है।

भारत और फ्रांस की सेनाओं के बीच 20वें दौर की आर्मी टू आर्मी स्टाफ टॉक्स में भी दोनों देशों की सेनाओं ने आपसी रक्षा सहयोग के लिए सहमति‍ दिखाई थी। फरवरी 2024 में भारत आए फ्रांसीसी सेनाध्यक्ष जनरल पियरे शिल ने पिनाका की फायरिंग भी देखी थी। डीआरडीओ द्वारा विकसित पिनाका, एक मल्टी-बैरल रॉकेट लॉन्चर सिस्टम है। यह मात्र 44 सेकंड में 12 रॉकेट दागता है। इसका नाम भगवान शिव के धनुष के नाम पर रखा गया है।

पिनाका की रेंज करीब 75 किलोमीटर तक है। भारत और फ्रांस के बीच रक्षा सहयोग काफी अच्छे स्तर पर हैं। फ्रांस ने भारतीय नौसेना के लिए छह स्कॉर्पीन क्लास सबमरीन मझगांव डॉकयार्ड में तैयार की है। भारतीय वायुसेना के पास फ्रांस के राफेल और मिराज फाइटर जेट हैं। भारतीय नौसेना के लिए भी 26 मरीन राफेल विमान की खरीद पर फ्रांस से बातचीत जारी है। इन संबंधों को और अधिक मजबूती देने के लिए थल सेनाध्यक्ष जनरल उपेंद्र द्विवेदी फ्रांस की आधिकारिक यात्रा पर हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img
- Advertisement -spot_img

Latest

More articles