राष्ट्रीयचीन, कजाखस्तान, ईरान समेत कई देशों ने एससीओ...

चीन, कजाखस्तान, ईरान समेत कई देशों ने एससीओ सभ्यतागत संवाद मंच में भागीदारी की पुष्टि की: शेखावत

नई दिल्ली, 13 नवंबर (वेब वार्ता)। केंद्रीय संस्कृति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने शुक्रवार को कहा कि चीन, कजाखस्तान, ईरान, ताजिकिस्तान और उज्बेकिस्तान सहित कई देशों ने आगामी शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) सभ्यतागत संवाद मंच में शामिल होने की पुष्टि कर दी है।

भारत 20 से 22 नवंबर तक यहां ऐतिहासिक पुराना किला में इस मंच की मेजबानी करेगा।

शेखावत ने यहां भारत मंडपम में मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि उन्हें ‘उम्मीद’ है कि पाकिस्तान भी मंच में शामिल होने की पुष्टि करेगा और इसमें हिस्सा लेगा।

उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 20 नवंबर को उद्घटन समारोह में शामिल होंगे, जबकि 21 और 22 नवंबर को चार व्यापक विषयों पर कई सत्र आयोजित किए जाएंगे। इनमें सभ्यतागत एवं सांस्कृतिक अभिव्यक्ति, कला एवं वास्तुकला तथा भाषा, साहित्य और पांडुलिपियां शामिल हैं।

एससीओ की स्थापना 2001 में शंघाई में आयोजित एक शिखर सम्मेलन के दौरान रूस, चीन, किर्गिज गणराज्य, कजाखस्तान, ताजिकिस्तान और उज्बेकिस्तान के राष्ट्रपतियों ने की थी। भारत और पाकिस्तान 2017 में इसके स्थायी सदस्य बने थे। ईरान 2023 में इसका सदस्य बना।

एससीओ की वेबसाइट के अनुसार, इस संगठन के प्रमुख उद्देश्यों में सदस्य देशों के बीच आपसी विश्वास, मित्रता और अच्छे पड़ोसी संबंधों को मजबूत करना तथा क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और स्थिरता बनाए रखने के लिए बहुपक्षीय सहयोग को बढ़ावा देना शामिल है।

शेखावत ने कहा कि भारत का उद्देश्य एससीओ को केवल भू-राजनीतिक और आर्थिक मंच तक सीमित रखने के बजाय साझा सभ्यतागत विरासत और मानवीय मूल्यों पर संवाद का मंच बनाना है।

सदस्य देशों के अलावा एससीओ में कुछ पर्यवेक्षक देश और संवाद साझेदार भी हैं। एससीओ की वेबसाइट के अनुसार, इस संगठन के 15 देशों को संवाद साझेदार का दर्जा प्राप्त है। इनमें अजरबैजान, आर्मेनिया, बहरीन, मिस्र, कंबोडिया, कतर, कुवैत, लाओस, मालदीव, म्यांमा, नेपाल, संयुक्त अरब अमीरात (यूएई), सऊदी अरब, तुर्किये और श्रीलंका शामिल हैं।

शेखावत से जब उन देशों के नाम पूछे गए, जिन्होंने मंच में शामिल होने की पुष्टि कर दी है, तो उन्होंने बताया कि 25 देशों को निमंत्रण भेजा गया था, जिनमें से 15 देशों ने अपनी भागीदारी की पुष्टि कर दी है।

उन्होंने बताया कि भागीदारी की पुष्टि करने वाले देशों में चीन, कजाखस्तान, ईरान, ताजिकिस्तान, उज्बेकिस्तान, बेलारूस, अजरबैजान, आर्मेनिया, बहरीन, नेपाल, सऊदी अरब, तुर्किये और श्रीलंका शामिल हैं।

उन्होंने कहा कि संस्कृति में देशों और सभ्यताओं के बीच संवाद शुरू करने तथा विश्वास का सेतु बनाने की क्षमता है।

एससीओ सभ्यतागत संवाद मंच का संयुक्त आयोजन संस्कृति मंत्रालय और विदेश मंत्रालय कर रहे हैं।

विदेश मंत्रालय ने 28 अक्टूबर को कहा था कि भारत ने अगले महीने राष्ट्रीय राजधानी में होने वाले एससीओ सभ्यतागत संवाद मंच के लिए शंघाई सहयोग संगठन के सभी सदस्य देशों को आमंत्रित किया है, जिनमें पाकिस्तान भी शामिल है।

सूत्रों के अनुसार, पाकिस्तान के राष्ट्रीय विरासत एवं संस्कृति मंत्री औरंगजेब खान खिची को भी इस बैठक में शामिल होने का निमंत्रण भेजा गया है।

संभवतः पिछले साल सात से 10 मई के बीच ऑपरेशन सिंदूर के बाद हुई सैन्य झड़पों के बाद यह पहला मौका है, जब नई दिल्ली ने किसी कार्यक्रम में शामिल होने के लिए पाकिस्तान के किसी वरिष्ठ मंत्री को भारत आने का निमंत्रण दिया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img
- Advertisement -spot_img

Latest

- Advertisement -spot_img
- Advertisement -

More articles

- Advertisement -
- Advertisement -