-राजेश आहूजा
सोनीपत, 04 मई (वेब वार्ता)। सोनीपत में साइबर थाना पुलिस ने इंश्योरेंस पॉलिसी के नाम पर लाखों रुपये की ठगी करने वाले अंतर-राज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को उत्तर प्रदेश से गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपियों ने बीमा पॉलिसी की राशि निकलवाने के नाम पर एक व्यक्ति से लगभग 35,28,010 रुपये की ठगी की। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान ओम प्रकाश उर्फ गुड्डू निवासी मेरठ (हाल निवासी चंदौली) और नागेंद्र निवासी चंदौली के रूप में हुई है।
शिकायतकर्ता राजेश, निवासी गांव सैनीपुरा, ने 30 जनवरी को साइबर थाना में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि उनके पास बीमा कंपनी की पॉलिसी थी और उन्हें एक महिला का फोन आया, जिसने पॉलिसी की जमा राशि निकालने के नाम पर किस्त जमा करवाने को कहा। इसके बाद अन्य लोगों ने भी फोन कर अलग-अलग खातों में पैसे जमा करवाए।
पीड़ित ने आरोपियों के कहने पर गूगल पे और फोन पे के माध्यम से विभिन्न खातों में पैसे ट्रांसफर कर दिए। बाद में पता चला कि यह पूरा मामला धोखाधड़ी का था और फर्जी दस्तावेजों के आधार पर खोले गए खातों में रकम जमा करवाई गई थी। मामले की जांच के दौरान पुलिस आयुक्त ममता सिंह के मार्गदर्शन और पुलिस उपायुक्त कुशल पाल सिंह के नेतृत्व में टीम ने कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को उत्तर प्रदेश के सोनहौल और गौहरो क्षेत्रों से गिरफ्तार किया।
पुलिस ने आरोपियों के पास से दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं और ठगी की गई राशि में से 71 हजार रुपये संबंधित बैंक खातों में होल्ड करवाए गए हैं। पूछताछ के बाद आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले में अन्य आरोपियों की तलाश जारी है और साइबर ठगी के इस नेटवर्क को पूरी तरह ध्वस्त करने के प्रयास किए जा रहे हैं।




