सोनीपत (राजेश आहूजा) दलित नाबालिग रेप पीड़िता की मां को केस वापिस लेने का दबाव बनाने के लिए पुलिस हिरासत में एसएचओ सहित 6 पुलिस वालों द्वारा बेरहमी से मारपीट करने व महिला पर ही फर्जी केस दर्ज करने के विरोध में व दोषी पुलिस वालों के खिलाफ केस दर्ज कर तुरन्त प्रभाव से बर्खास्त करने की मांग को लेकर विमल किशोर व सतबीर वर्मा के नेतृत्व में सामाजिक कार्यकर्ताओ ने पंचायत भवन से उपायुक्त कार्यालय तक रोष मार्च निकाला व पुलिस कमिश्नर के नाम डिप्टी पुलिस कमिश्नर जितेंद्र गहलावत को शिकायत पत्र सौंपा।
इस मौके पर विमल किशोर ने कहा कि जब रक्षक ही भक्षक बन जाए तो गरीब और मजबूर आदमी कहां जाएगा। जनता के रखवाले पुलिस वाले गुंडो की तरह काम करेगी तो फरियादी कहां जाएंगे। विमल किशोर व सामाजिक कार्यकर्ता सतबीर वर्मा ने मामले पर बताया कि एक दलित नाबालिग लड़की की मां ने रेप की शिकायत 17 मार्च 2026 को दी जिस पर सिटी थाना में एफआईआर नम्बर 56 दर्ज की गई थी इसके बाद महिला को 20 अप्रैल 26 को मोहित नामक युवक ने फोन करके केस उठाने के लिए मां बेटी को जान से मारने की धमकी दी व स्वयं कहा कि उसने भी रेप किया है क्या कर लेगी मेरा। उन्होंने बताया कि इस बारे में भी महिला ने सिटी थाने में शिकायत दी इसी शिकायत के बारे में गत 5 मई को महिला को सिटी थाने बुलाया गया। पुलिस ने कार्यवाही करने की बजाय महिला को ही केस उठाने के लिए कहने लगे महिला के मना करने पर एसएचओ व एएसआई व अन्य सभी 6 पुलिस वालों ने महिला को अभद्र गालिया दी व डराया धमकाया व हिरासत में लेकर बेरहमी से पीटा व महिला पर ही फर्जी मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया। उन्होंने बताया कि महिला ने सारे मामले की रिकॉर्डिंग भी कर ली थी।
महिला सात दिन जेल में रहने के बाद जब वापिस आई तो उसने उच्च अधिकारियों को शिकायत दी व पंजाब एंड हरियाणा हाईकोर्ट में याचिका भी दायर कर दी जिसपर हाईकोर्ट ने नोटिस जारी कर 27 नवम्बर को जवाब मांगा है।
विमल किशोर व सतबीर वर्मा ने हरियाणा सरकार व पुलिस प्रशासन से मांग करते हुए कहा कि शीघ्र अति शीघ्र दोषी पुलिस वाले के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर तुरन्त प्रभाव से बर्खास्त किया जाए तथा मांग की है कि माननीय मुख्यमन्त्री नायब सिंह सैनी भी स्वतः संज्ञान लें तथा महिला पर दर्ज फर्जी एफआईआर रद्द की जाए। उन्होंने कहा कि यदि ऐसा ना किया तो बड़ा आन्दोलन किया जायेगा।
इस मौके पर सितेन्द्र भाटिया, एडवोकेट दिनेश, विकास दहिया, प्रदीप, शेर मोहम्मद, साधुराम, सत्तार अहमद रामबीर एडवोकेट मोहम्मद इलियास, एडवोकेट राजेश खान, बबीता, शिवानंद, अजय टोंक, आमिन, तारा चंद, एडवोकेट भूपेन्द्र राजेश, प्रवीन, सुनील मोहित, रवि, रणबीर, अनिल, अजय, नवीन, प्रेम चौहान आदि दर्जनो साथी मौजूद थे।
दलित नाबालिग रेप मामला, रोष मार्च निकालकर पुलिस कमिश्नर के नाम सौंपा शिकायत पत्र

- Advertisement -



