चमोली, 16 अप्रैल, 2026 (वेब वार्ता)। अनिल चौहान बदरीनाथ धाम पहुंचे, जहां उन्होंने मंदिर में दर्शन कर आगामी चारधाम यात्रा की तैयारियों का निरीक्षण किया। उनके आगमन पर हेलीपैड पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने उनका स्वागत किया।
यात्रा तैयारियों की ली जानकारी
धाम पहुंचने के बाद सीडीएस ने मंदिर परिसर का भ्रमण किया और अधिकारियों से चारधाम यात्रा को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित बनाने के लिए किए जा रहे इंतजामों की विस्तृत जानकारी ली।
अधिकारियों ने उन्हें यात्रा प्रबंधन, सुरक्षा व्यवस्था और सुविधाओं से संबंधित सभी तैयारियों से अवगत कराया।
सूर्य देवभूमि चैलेंज 2.0 का शुभारंभ
इस अवसर पर सीडीएस अनिल चौहान ने सूर्य देवभूमि चैलेंज 2.0 का भी शुभारंभ किया। यह प्रतियोगिता 16 से 20 अप्रैल तक गढ़वाल के हिमालयी क्षेत्रों में आयोजित की जा रही है।
करीब 113 किलोमीटर लंबी इस प्रतियोगिता में कल्पेश्वर, रुद्रनाथ और तुंगनाथ जैसे प्रमुख स्थल शामिल हैं। इसमें 300 प्रतिभागी हिस्सा ले रहे हैं, जिनमें पुरुष, महिलाएं और सेवा कर्मी शामिल हैं।
इस आयोजन का उद्देश्य साहसिक खेलों के माध्यम से पर्यटन, विरासत संरक्षण और सीमांत क्षेत्रों के विकास को बढ़ावा देना है।
हर्षिल में सांस्कृतिक केंद्र का शिलान्यास
इसके बाद सीडीएस हर्षिल पहुंचे, जहां उन्होंने वाइब्रेंट विलेज योजना के तहत सेना द्वारा बनाए जा रहे सांस्कृतिक एवं विरासत केंद्र का शिलान्यास किया।
उन्होंने स्थानीय ग्रामीणों और पूर्व सैनिकों से मुलाकात कर संवाद भी किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि सीमांत क्षेत्रों के लोग और सेना एक-दूसरे के पूरक हैं और इन क्षेत्रों के विकास में सेना की महत्वपूर्ण भूमिका है।
सीडीएस ने कहा कि इस केंद्र के माध्यम से स्थानीय लोगों को रोजगार के अवसर मिलेंगे और पर्यटकों को हर्षिल घाटी की संस्कृति, इतिहास और जीवनशैली को समझने का अवसर मिलेगा।
यह दौरा चारधाम यात्रा से पहले सुरक्षा और विकास के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।



