दमोह, 16 अप्रैल, 2026 (वेब वार्ता)। मध्य प्रदेश माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा घोषित 10वीं और 12वीं के परीक्षा परिणामों में दमोह जिले के विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रदेश की प्रावीण्य सूची में उल्लेखनीय स्थान हासिल किया है। इस उपलब्धि से जिलेभर में खुशी की लहर दौड़ गई है।
10वीं में 8 छात्रों ने बनाई मेरिट
कक्षा 10वीं की मेरिट सूची में जिले के 8 विद्यार्थियों ने जगह बनाई। जवेरा की छात्रा सुचित्रा मिश्रा ने 500 में से 493 अंक प्राप्त कर प्रदेश में सातवां स्थान हासिल किया।
संस्कार पटेल और हिण्डोरिया के शुभम पटेल ने 492 अंक प्राप्त कर आठवां स्थान पाया, जबकि ओजल जैन ने 491 अंक अर्जित किए।
उत्कृष्ट विद्यालय के छात्र सौरभ अहिरवार ने 490 अंक के साथ प्रदेश में 10वां स्थान हासिल कर जिले का गौरव बढ़ाया।
12वीं में भी दमोह का दबदबा
कक्षा 12वीं की प्रावीण्य सूची में भी जिले के विद्यार्थियों का उत्कृष्ट प्रदर्शन देखने को मिला।
गणित संकाय में प्रगति असाटी ने 485 अंक प्राप्त कर आठवां स्थान हासिल किया। कला संकाय की छात्रा निधि कुर्मी ने 484 अंक के साथ छठा स्थान प्राप्त किया।
वाणिज्य संकाय में छवि अग्रवाल ने 489 अंक के साथ प्रदेश में तीसरा स्थान हासिल किया, जबकि जीव विज्ञान संकाय में उजमा फातिमा और राजनंदनी लोधी ने 482 अंक प्राप्त कर दसवां स्थान प्राप्त किया।
परिणाम आते ही स्कूलों में जश्न
जैसे ही परिणाम घोषित हुए, जिलेभर के स्कूलों में खुशी का माहौल बन गया। छात्र-छात्राओं, शिक्षकों और अभिभावकों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर बधाई दी।
उत्कृष्ट विद्यालय में आयोजित कार्यक्रम में जिला शिक्षा अधिकारी एस.के. नेमा सहित अन्य अधिकारियों ने मेरिट में स्थान पाने वाले छात्रों को सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
भावुक कर देने वाला पल
उत्कृष्ट विद्यालय के छात्र सौरभ अहिरवार की सफलता पर उनकी मां भावुक हो उठीं। उन्होंने बेटे को गले लगाकर खुशी जाहिर की, जिसे देखकर वहां मौजूद लोग भी भावुक हो गए।
कलेक्टर ने दी बधाई
जिले के 13 विद्यार्थियों ने मेरिट सूची में स्थान बनाकर दमोह का मान बढ़ाया है। कलेक्टर प्रताप नारायण यादव ने सभी सफल विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। यह परिणाम जिले में शिक्षा के बढ़ते स्तर और छात्रों की मेहनत का प्रमाण माना जा रहा है।



