लक्ष्मीकान्त पाठक। वेबवार्ता
हरदोई। हरदोई सदर विधानसभा क्षेत्र के वैष्णो नगर और प्रेम नगर में लंबे समय से जारी जलभराव ने मोहल्लावासियों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। करीब दो महीने से सात-आठ गलियों में तीन से चार फीट तक पानी भरा होने का दावा किया जा रहा है। कीचड़ और गंदगी के बीच लोगों का आवागमन मुश्किल बना हुआ है।
सोमवार को समाजवादी व्यापार सभा के प्रदेश सचिव एवं हरदोई नगर पालिका अध्यक्ष पद के प्रत्याशी रहे रामज्ञान गुप्ता ने मंगली पुरवा फाटक के निकट वैष्णो नगर और प्रेम नगर पहुंचकर मोहल्लावासियों से मुलाकात की। उन्होंने लोगों की समस्याएं सुनीं और सड़क व नाली की समस्या के समाधान के लिए उच्चाधिकारियों से वार्ता करने का भरोसा दिलाया।
मोहल्लावासियों ने बताया कि जलभराव के कारण बच्चों का स्कूल जाना मुश्किल हो गया है। बुजुर्ग घरों से बाहर नहीं निकल पा रहे हैं, जबकि आपात स्थिति में एंबुलेंस को मोहल्ले तक पहुंचाने में भी परेशानी होती है। रामज्ञान गुप्ता ने दावा किया कि समस्या से परेशान कुछ परिवार मोहल्ला छोड़कर किराए के मकानों में रहने को मजबूर हैं।
सपा नेता ने आरोप लगाया कि हरदोई नगर पालिका क्षेत्र में आने वाले इन मोहल्लों की समस्या पर जिम्मेदार जनप्रतिनिधियों और प्रशासन का ध्यान नहीं है। उन्होंने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि विकास कार्य धरातल पर दिखाई नहीं दे रहे हैं और जनता महंगाई तथा अव्यवस्थाओं से परेशान है।
रामज्ञान गुप्ता ने कहा कि वह मोहल्लावासियों की समस्या को उच्चाधिकारियों के समक्ष रखेंगे और समाधान के लिए हरसंभव प्रयास करेंगे। साथ ही उन्होंने वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी को समर्थन देने और अखिलेश यादव को मुख्यमंत्री बनाने की अपील की।
इस मौके पर समाजवादी व्यापार सभा के जिला महासचिव अवनीश यादव, जिला उपाध्यक्ष धर्मेंद्र यादव ‘दीपू’, श्याम गुप्ता, शुभम गुप्ता, रणधीर बहादुर, विकास शुक्ला, शिवकुमार गुप्ता सहित सैकड़ों मोहल्लावासी मौजूद रहे।
हरदोई में दो माह से जलभराव की मार, वैष्णो नगर-प्रेम नगर के लोग बेहाल; रामज्ञान गुप्ता ने उठाई आवाज

- Advertisement -



